दुर्ग/भिलाई। अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा शुरू होने से पहले ही भिलाई में चेन स्नैचिंग की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रविवार को निकाली गई भव्य कलश यात्रा के दौरान महिलाओं के गले से चेन झपटने के चार से पांच प्रयासों की शिकायत सामने आई है। घटनाओं के बाद कलश यात्रा में शामिल महिलाओं में नाराजगी देखने को मिली।
शिव महापुराण कथा का आयोजन बोल बम एवं कल्याण समिति द्वारा किया जा रहा है। कथा 17 से 23 अगस्त तक सेक्टर-6 स्थित जयंती स्टेडियम में आयोजित होनी है।
11 हजार से अधिक महिलाएं कलश यात्रा में हुईं शामिल
कथा शुरू होने से पहले रविवार को सेक्टर-5 स्थित मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। रिमझिम बारिश के बीच आयोजित यात्रा में 11 हजार से अधिक महिलाओं के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। कलश यात्रा सेक्टर-5 मंदिर से शुरू होकर जयंती स्टेडियम स्थित कथा स्थल तक पहुंची।
भीड़ का फायदा उठाकर चेन स्नैचिंग का प्रयास
कलश यात्रा में भारी भीड़ होने का फायदा उठाकर महिलाओं को निशाना बनाने की शिकायतें सामने आईं। पुलिस के मुताबिक, यात्रा के दौरान चेन स्नैचिंग के प्रयास की चार से पांच शिकायतें मिली हैं। घटनाओं के बाद महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
700 से ज्यादा जवानों की सुरक्षा में तैनाती
शिव महापुराण कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। 20 राजपत्रित अधिकारियों समेत 700 से अधिक पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई है।
सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के मुताबिक, कलश यात्रा के दौरान चेन स्नैचिंग के प्रयास की शिकायतें पुलिस को मिली हैं। मामले की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। पुलिस ने पूछताछ के लिए दो से तीन संदिग्ध महिलाओं को हिरासत में लिया है।
पुलिस का कहना है कि जांच के बाद यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कथा से पहले पुलिस के सामने सुरक्षा की बड़ी चुनौती
पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में कथा शुरू होने से पहले कलश यात्रा में सामने आई चेन स्नैचिंग की शिकायतों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था के सामने चुनौती खड़ी कर दी है। अब पुलिस के लिए कथा के दौरान भीड़ प्रबंधन के साथ-साथ महिलाओं और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी अहम होगा।

Recent Comments