महासमुंद (छत्तीसगढ़)। थाना पटेवा क्षेत्र के ग्राम बनपचरी में एक मजदूर द्वारा जहर सेवन कर आत्महत्या करने का मामला गहराता जा रहा है। मृतक ने मरने से पहले आरोपी पर जबरन बाहर राज्य में ईंट भट्ठा में काम कराने का दबाव और धमकी देने का आरोप लगाया था। पुलिस ने जांच पूरी कर आरोपी जगत कुमार गुप्ता पिता पाचूराम गुप्ता (उम्र 59 वर्ष, निवासी ग्राम बाम्हनडीह थाना कोमाखान, जिला महासमुंद) के खिलाफ धारा 108 बीएनएस (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत अपराध दर्ज किया था।
🔹 अब जेल में आरोपी जगत गुप्ता
मामले में कार्रवाई आगे बढ़ाते हुए पटेवा पुलिस ने आरोपी जगत कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इस प्रकार अब आरोपी की पूरी दिवाली जेल में ही कट रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी विवाद और दबाव बनाने के कई मामले सामने आ चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह व्यक्ति लंबे समय से ईंट भट्ठा में मजदूरों को जबरदस्ती ले जाने और उनका शोषण करने में लिप्त रहा है।
🔹 पहले भी रहे हैं विवादों में
जानकारी के अनुसार, इससे पहले भी उत्तर प्रदेश पुलिस आरोपी के घर पहुंच चुकी है। एक पुराने प्रकरण में यूपी पुलिस ने उसे घंटों थाने में बैठाकर पूछताछ की थी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, जगत गुप्ता पर मजदूरों को धोखे से बाहर ले जाकर उनसे जबरन काम कराने के आरोप पहले भी लग चुके हैं।
भट्ठा दलाल जगत गुप्ता गिरफ्तार -श्रमिक की आत्महत्या से जुड़ा मामला बना पुलिस के लिए चुनौती
🔹 मृतक की पहचान और घटना
मृतक का नाम शत्रुघन खड़िया पिता राजाराम खड़िया, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम बनपचरी थाना पटेवा जिला महासमुंद (छ.ग.) है।
11 अक्टूबर 2025 की शाम लगभग 5 बजे मृतक ने कथित रूप से जहर सेवन किया था।
इलाज के दौरान उसकी एनसीसी अस्पताल झलप में मृत्यु हो गई।
🔹 पुलिस जांच में सामने आया सच
थाना पटेवा के सहायक उप निरीक्षक सुनीत कुमार भोई ने मर्ग क्रमांक 61/2025 की जांच के दौरान मृतक के परिजनों — राजाराम खड़िया, पानबाई खड़िया, सावनबाई खड़िया, भारत खड़िया, चंद्रप्रकाश खड़िया — तथा स्वतंत्र गवाह चोवाराम ध्रुव के बयान दर्ज किए।
सभी ने बताया कि मृतक को आरोपी जगत गुप्ता द्वारा लगातार ईंट भट्ठा में बाहर राज्य ले जाने का दबाव बनाया जा रहा था। मृतक ने इस संबंध में पहले भी शिकायत दी थी और धमकी से परेशान था।
🔹 अस्पताल ने दी थी पुलिस को सूचना
एनसीसी अस्पताल झलप के डॉक्टर ने बताया कि मृतक को बेहोशी की हालत में लाया गया था और प्राथमिक जांच में जहर सेवन की पुष्टि हुई थी। इलाज के करीब 30 मिनट बाद उसकी मौत हो गई। अस्पताल ने थाना पटेवा को तत्काल सूचना दी, जिसके बाद मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई।
🔹 अपराध पंजीबद्ध, विवेचना जारी
पुलिस ने आरोपी जगत गुप्ता के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
थाना पटेवा पुलिस अब इस पूरे मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है।