बिलासपुर। CCTV में कैद हुआ मौत का मंजर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित हिर्री माइंस के पास तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। एक तेज गति से आ रही कार ने स्कूटी सवार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल 52 वर्षीय देवेंद्र शर्मा ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सामने आया है।
पीछे से मारी जोरदार टक्कर
जानकारी के अनुसार, रहंगी निवासी देवेंद्र शर्मा (52) अपनी स्कूटी से बिलासपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जा रहे थे। इसी दौरान हिर्री माइंस के पास पीछे से तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
CCTV फुटेज में कैद हुई घटना
हादसे का पूरा घटनाक्रम आसपास लगे सीसीटीवी CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। फुटेज में तेज रफ्तार कार स्कूटी को टक्कर मारते हुए आगे निकल जाती है, जबकि स्कूटी सवार सड़क पर उछलकर गिरता दिखाई देता है। यह वीडियो हादसे की भयावहता को बयां कर रहा है।
अस्पताल में तोड़ा दम
दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल देवेंद्र शर्मा को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में मातम छा गया।
चालक वाहन समेत फरार
हादसे के बाद कार चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना मिलने पर चकरभाठा थाना पुलिस घटनास्थल पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार चालक और वाहन की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी हुई है।
तेज रफ्तार पर फिर उठे सवाल
इस हादसे ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्गों पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की प्रवृत्ति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार सामने आ रहे ऐसे हादसे सड़क सुरक्षा नियमों के सख्ती से पालन की आवश्यकता की ओर इशारा करते हैं।


Recent Comments