महासमुंद। जिले के झलप-रायतुम सड़क मार्ग पर तुरेंगा गांव के पास बुधवार सुबह एक अज्ञात युवती का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। राहगीरों ने सड़क किनारे खेत में महिला का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की उम्र लगभग 25 से 26 वर्ष बताई जा रही है। शव के सिर पर चोट के निशान होने की बात सामने आई है, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
सूचना मिलते ही पटेवा पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतका की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

जोरा के सरपंच प्रतिनिधि रूपधर पटेल ने बताया कि तुरेंगा गांव से लगभग आधा किलोमीटर दूर रायतुम रोड किनारे स्थित खेत में सुबह ग्रामीणों ने महिला का शव देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
(अपडेट जारी…)


Recent Comments