महासमुंद: जिला महासमुंद के थाना पटेवा अंतर्गत ग्राम चिरको से खेत में लगे सबमर्सिबल पंप चोरी होने का एक बड़ा मामला सामने आया है। चिरको के ‘बांधा खार’ खेत से जगुवार कंपनी का सबमर्सिबल पंप और केबल वायर चोरी करने वाले गिरोह को ग्रामीणों की सतर्कता के बाद पुलिस ने दबोच लिया है। प्रार्थी की शिकायत पर पटेवा पुलिस ने नए कानून के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
ग्रामीणों की बैठक में खुला राज, पुलिस के हवाले किए गए आरोपी
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम चिरको निवासी पुनित पटेल (पिता बुटू पटेल) पिछले 20-25 वर्षों से रायपुर कमल विहार निवासी भूपेश बांधे की जमीन को रेगहा (बटाई) पर लेकर खेती-किसानी कर रहे हैं। 7 अप्रैल 2026 की शाम से 8 अप्रैल की सुबह के बीच, उनके बांधा खार स्थित खेत से अज्ञात चोरों ने 2 HP का जगुवार कंपनी का सबमर्सिबल पंप और केबल वायर (कीमत करीब 15,000 रुपये) पार कर दिया था।
पीड़ित किसान द्वारा आसपास के गांवों और खेतों में लगातार पता-तलाश की जा रही थी। इसी बीच ग्रामीणों को गांव के ही आदतन चोर हिरामन निषाद और लोकेश ध्रुव पर शक हुआ। ग्राम प्रमुख दुष्यंत ध्रुव एवं गांव के बड़े-बुजुर्गों की मौजूदगी में जब सामाजिक बैठक रखकर कड़ाई से पूछताछ की गई, तो दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर दिया।
₹15,000 का पंप ₹3000 में बेचा; पुरानी चोरियों का भी हुआ खुलासा
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि उन्होंने गांव के ही दूधेश्वर पटेल, राजेश ध्रुव और युवराज ध्रुव के साथ मिलकर इस चोरी को अंजाम दिया था। चोरी करने के बाद उन्होंने 15 हजार रुपये के इस पंप को गांव के ही सुखराम पटेल के पास महज 3,000 रुपये में बेच दिया।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने कबूला कि एक साल पहले भी उन्होंने इसी खेत से एक और जगुवार कंपनी का पंप चोरी कर सुखराम पटेल को 2,000 रुपये में बेचा था। इसके अलावा, पास के गांव सलिहाभांठा निवासी यादराम साहू के खेत से चोरी किया गया 3 HP का सबमर्सिबल पंप उन्होंने गांव के भरत पटेल को 3,500 रुपये में बेचा था।
नए कानून (BNS) के तहत मामला दर्ज, सामान बरामदगी की कोशिशें तेज
ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी हिरामन निषाद और लोकेश ध्रुव को पकड़कर पटेवा थाने लाकर पुलिस के हवाले किया। प्रार्थी पुनित पटेल की लिखित शिकायत पर पटेवा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) (चोरी) और 3(5) (समान इरादे से मिलकर अपराध करना) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में ले लिया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी का माल खरीदने वाले आरोपियों को पकड़कर सामान बरामद करने की कार्रवाई में जुट गई है।


Recent Comments