पिथौरा। देशभर में रसोई गैस की किल्लत के बीच अब गैस सिलेंडर भी चोरों के निशाने पर आ गए हैं। महासमुंद जिले के पिथौरा स्थित कर्मचारी कॉलोनी लहरौद में देर रात अज्ञात चोरों ने एक घर के भीतर घुसकर चार भरे हुए गैस सिलेंडर पार कर दिए। घटना के बाद कॉलोनीवासियों में दहशत और नाराजगी का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक चोर देर रात कर्मचारी कॉलोनी निवासी सियाराम साहू के घर में घुसे और वहां रखे चार भरे सिलेंडरों को चोरी कर ले गए। बताया जा रहा है कि चोर बड़ी आसानी से घर के भीतर पहुंचे और सिलेंडर उठाकर फरार हो गए। सुबह घटना की जानकारी लगते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कर्मचारी कॉलोनी अब चोरों के लिए “सेफ जोन” बन चुकी है। कॉलोनी में अब तक करीब एक दर्जन चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन ज्यादातर मामलों में आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। सप्ताह भर पहले भी रबी अग्रवाल के घर चोरी की घटना हुई थी।
लगातार हो रही चोरियों से परेशान कॉलोनीवासियों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था कमजोर होने के कारण चोर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। नाराज रहवासियों ने जल्द कार्रवाई नहीं होने पर पिथौरा थाना घेराव की चेतावनी दी है।
गौरतलब है कि इस समय देश के कई हिस्सों में गैस सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित होने और किल्लत की खबरें सामने आ रही हैं। ऐसे समय में भरे सिलेंडरों की चोरी ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और कॉलोनी में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
किशनपुर योगमाया हत्याकांड : हाईकोर्ट ने उम्रकैद बरकरार रखी, अब सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई जारी


Recent Comments