Homeछत्तीसगढ़महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 1.14 करोड़ का गांजा जब्त, 2 अंतरराज्यीय...

महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 1.14 करोड़ का गांजा जब्त, 2 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

महासमुंद। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 226.600 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 1 करोड़ 14 लाख 30 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने गांजा परिवहन में इस्तेमाल एक पिकअप वाहन और 3 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 1 करोड़ 22 लाख 75 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि उड़ीसा की ओर से एक पिकअप वाहन में गांजा लेकर छत्तीसगढ़ होते हुए महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर एनएच-53 स्थित सिल्की ढाबा के सामने ग्राम गनियारीपाली में नाकाबंदी की गई। कुछ देर बाद संदिग्ध पिकअप वाहन क्रमांक MH16 CD 8741 को रोककर जांच की गई।

वाहन में सवार दो लोगों ने अपना नाम अजिनाथ आश्रु जाधव (28 वर्ष) निवासी अहमदनगर, महाराष्ट्र और अक्षय बारूक मोरे (32 वर्ष) निवासी अहमदनगर, महाराष्ट्र बताया। जांच के दौरान पिकअप के डाला में खाली कैरेट के नीचे प्लास्टिक बोरियों में छिपाकर रखा गया 226.600 किलो गांजा बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा उड़ीसा के बालीगुडा क्षेत्र से लाकर महाराष्ट्र के अहमदनगर में खपाने की योजना थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

जब्त सामग्री

  • 226.600 किलो गांजा कीमत 1.14 करोड़ रुपये
  • एक पिकअप वाहन कीमत 8 लाख रुपये
  • 3 मोबाइल फोन कीमत 45 हजार रुपये

गिरफ्तार आरोपी

  1. अजिनाथ आश्रु जाधव, निवासी अहमदनगर, महाराष्ट्र
  2. अक्षय बारूक मोरे, निवासी अहमदनगर, महाराष्ट्र

पुलिस के अनुसार पिछले चार महीनों में जिले में 83 प्रकरणों में कुल 6016.121 किलो गांजा जब्त किया जा चुका है। इस दौरान 216 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है, जिनमें 54 आरोपी छत्तीसगढ़ और 162 अन्य राज्यों के निवासी हैं।

यहां देखें वीडियो

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments