Homeछत्तीसगढ़महासमुंद में प्रशासन का बड़ा एक्शन: धान घोटाले में पटवारी निलंबित, 376...

महासमुंद में प्रशासन का बड़ा एक्शन: धान घोटाले में पटवारी निलंबित, 376 प्रकरण दर्ज

महासमुंद, 14 जनवरी 2026। जिले में अवैध धान परिवहन, भंडारण और विक्रय के मामलों पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। एक ओर जहां अवैध धान परिवहन में लापरवाही बरतने पर पटवारी को निलंबित किया गया है, वहीं दूसरी ओर कलेक्टर के निर्देश पर संयुक्त टीम की कार्रवाई में हजारों क्विंटल धान जप्त किया गया है।

पटवारी लालकृष्ण देवांगन निलंबित

राजस्व पटवारी संघ तहसील बसना के पत्र के आधार पर यह मामला सामने आया कि पटवारी श्री लालकृष्ण देवांगन (तत्कालीन पटवारी हल्का नंबर 20, तहसील बसना) ने अवैध धान परिवहन की रोकथाम में गंभीर लापरवाही बरती। 21 दिसंबर 2025 की रात्रि ग्राम उमरिया क्षेत्र में ओड़िशा के वाहन से 420 कट्टा धान का अवैध परिवहन पाया गया, जिसकी खबर दैनिक समाचार पत्रों में भी प्रकाशित हुई।

अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बसना द्वारा 8 जनवरी 2026 को कारण बताओ सूचना जारी की गई थी, किंतु प्राप्त जवाब असंतोषजनक पाया गया। इसके बाद छत्तीसगढ़ भू-अभिलेख नियमावली एवं छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के तहत एसडीओ श्री हरीशंकर पैंकरा ने पटवारी श्री देवांगन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय तहसील कार्यालय बसना रहेगा तथा उन्हें नियमानुसार जीवन-निर्वाह भत्ता देय होगा।

कलेक्टर के निर्देश पर जिलेभर में सख्त निगरानी

कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिले में राजस्व, मंडी, सहकारिता और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा अवैध धान परिवहन, भंडारण और विक्रय पर सतत निगरानी की जा रही है। 14 जनवरी 2026 तक कुल 376 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनमें 91,753.13 क्विंटल धान जप्त किया गया।

जांच के बाद 72,373.64 क्विंटल धान वैध धान मालिकों को सुपुर्द किया गया, जबकि 17,402.29 क्विंटल धान पुलिस थाना एवं अन्य सक्षम प्राधिकरणों को सौंपा गया है। शेष 1,977.20 क्विंटल धान के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई जारी है।

इस दौरान 26 राइस मिलों का भौतिक सत्यापन कर अनियमितता पाए जाने पर जप्ती की कार्रवाई की गई, वहीं 5 राइस मिलों में धान की कमी पाए जाने पर अलग से प्रकरण दर्ज किए गए। समितियों के निरीक्षण में भी जप्ती और कमी से जुड़े प्रकरण सामने आए हैं।

एक ही दिन में 38,125 क्विंटल अवैध धान जप्त

13 जनवरी को जिले के विभिन्न विकासखंडों में की गई संयुक्त कार्रवाई के दौरान एक ही दिन में 38,125 क्विंटल धान जप्त किया गया। इसके अलावा 12,573 क्विंटल धान की कमी भी पाई गई।

सरायपाली विकासखंड में 7 ट्रैक्टर और 2 पिकअप के साथ 264 क्विंटल धान जप्त।

राइस मिलों के भौतिक सत्यापन में 37,759 क्विंटल धान जप्त।

बागबाहरा में एक पिकअप से 30 क्विंटल धान जप्त।

पिथौरा में एक ट्रैक्टर के साथ 40 क्विंटल धान जप्त तथा 12,573 क्विंटल की कमी उजागर।

बसना विकासखंड में 32 क्विंटल धान जप्त किया गया।

कलेक्टर श्री लंगेह ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रमुख मार्गों, अंतर्राज्यीय जांच चौकियों, राइस मिलों और धान उपार्जन केंद्रों पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए, ताकि अवैध धान परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments