देशभर में मचे NEET UG 2026 पेपर लीक विवाद के बीच नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने बड़ा फैसला लेते हुए परीक्षा रद्द कर दी है। एजेंसी ने घोषणा की है कि नीट परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी। साथ ही पूरे मामले की जांच अब CBI को सौंपे जाने की तैयारी है।
NTA ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि जांच एजेंसियों से मिले इनपुट और उपलब्ध तथ्यों की समीक्षा के बाद यह स्पष्ट हो गया कि मौजूदा परीक्षा प्रक्रिया को जारी रखना उचित नहीं होगा। एजेंसी ने बताया कि नई परीक्षा तिथि और एडमिट कार्ड जारी करने का शेड्यूल जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जारी किया जाएगा।
दोबारा रजिस्ट्रेशन की जरूरत नहीं
NTA ने स्पष्ट किया है कि मई 2026 में किए गए सभी रजिस्ट्रेशन, उम्मीदवारों का डेटा और चुने गए परीक्षा केंद्र नई परीक्षा के लिए भी मान्य रहेंगे। छात्रों को फिर से आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी और कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क भी नहीं लिया जाएगा।
एजेंसी ने यह भी कहा है कि पहले जमा की गई परीक्षा फीस उम्मीदवारों को वापस की जाएगी। पुनः परीक्षा NTA अपने संसाधनों के जरिए आयोजित करेगा।
उम्मीदवारों और अभिभावकों से अपील
NTA ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट और ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल पर ही भरोसा करें। किसी भी अपुष्ट जानकारी या अफवाहों से बचने की सलाह दी गई है।
हेल्पलाइन के लिए उम्मीदवार:
- neet-ug@nta.ac.in
- 011-40759000
- 011-69227700
पर संपर्क कर सकते हैं।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
राजस्थान पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) की जांच में कई अहम खुलासे सामने आए हैं। जांच एजेंसी के अनुसार परीक्षा से पहले एक कथित “गेस पेपर” छात्रों के बीच तेजी से वायरल हुआ था। करीब 150 पेज के इस दस्तावेज में लगभग 410 सवाल बताए गए थे, जिनमें से करीब 120 प्रश्न कथित तौर पर NEET के केमिस्ट्री सेक्शन में हूबहू मिले।
रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि परीक्षा से दो दिन पहले कुछ छात्रों तक 720 में से लगभग 600 नंबर के सवाल पहुंच चुके थे। हालांकि अब तक आधिकारिक रूप से पेपर लीक की पुष्टि नहीं की गई है।
SOG के एडीजी विशाल बंसल ने कहा कि जांच इस बात पर केंद्रित है कि क्या इस कथित गेस पेपर के जरिए किसी प्रकार की चीटिंग या आपराधिक गतिविधि हुई। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।



Recent Comments