Homeछत्तीसगढ़चंद्रहासिनी देवी के दर्शन से लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप को माज़दा...

चंद्रहासिनी देवी के दर्शन से लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप को माज़दा ने मारी टक्कर, 2 की मौत; 15 से अधिक घायल

महासमुंद/बागबाहरा। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ क्षेत्र में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। चंद्रपुर स्थित प्रसिद्ध मां चंद्रहासिनी देवी मंदिर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप वाहन को तेज रफ्तार माज़दा वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में दो लोगों की मौत होने की खबर है, जबकि 15 से अधिक ग्रामीणों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

तीन गांवों के ग्रामीण गए थे दर्शन के लिए

जानकारी के अनुसार, महासमुंद जिले के बागबाहरा क्षेत्र के पतेरापाली, गाड़ाघाट और आमानारा गांव के ग्रामीण पिकअप वाहन से चंद्रपुर स्थित मां चंद्रहासिनी देवी के दर्शन के लिए गए थे।

दर्शन के बाद सभी ग्रामीण पिकअप वाहन से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में तेज रफ्तार माज़दा वाहन ने उनकी पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद मची चीख-पुकार

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए। वाहन में सवार ग्रामीणों के बीच चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल मदद शुरू की और घायलों को बाहर निकालने का प्रयास किया।

बताया जा रहा है कि पिकअप में करीब 30 से 32 ग्रामीण सवार थे। हादसे में बड़ी संख्या में ग्रामीण घायल हुए हैं।

दो लोगों की मौत की खबर, नाम की पुष्टि नहीं

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, इस हादसे में दो लोगों की मौत होने की खबर है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक मृतकों के नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।

वहीं, 15 से अधिक ग्रामीणों के घायल होने की जानकारी है। गंभीर रूप से घायल लोगों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को अस्पताल पहुंचाने में स्थानीय लोगों ने भी मदद की।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। मृतकों के नाम और घायलों की सही संख्या की आधिकारिक जानकारी पुलिस अथवा अस्पताल प्रबंधन की ओर से सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

ग्रामीणों के अनुसार यह हादसा बेहद दर्दनाक है और हादसे में प्रभावित सभी परिवारों में शोक का माहौल है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments