रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्री मानसून की एंट्री से मौसम बदला हुआ है। भिलाई में सुबह से पानी बरस रहा है। प्रदेश के सभी जिलों में आज भी यलो अलर्ट जारी है। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर और सरगुजा संभाग के जिलों में बादल छाए रहने के साथ गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। बिजली गिर सकती है। रविवार को भी दिनभर बादल छाए रहे, सुबह बौछारें पड़ी जिससे दिन का तापमान कम रहा।
प्री मानसून एक्टिविटी के कारण पिछले कुछ दिन से बारिश हो रही है, जिसके कारण कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री तक लुढ़का है। मैनपाट में मौसम खुशनुमा हो गया है। सुबह से बादल छाए हैं, ठंडी हवाएं चल रही हैं। बता दें कि देश में शनिवार को मानसून ने दस्तक दे दी है। छत्तीसगढ़ में मानसून के 5 जून से पहले पहुंचने की संभावना है। रविवार को मानसून कर्नाटक के कुछ और हिस्सों में सक्रिय हो गया है। दूसरी तरफ, दक्षिण छत्तीसगढ़ में मौजूद एक टर्फ और साइक्लोन सर्कुलेशन के कारण प्रदेशभर में बारिश हो रही है। अगले 3-4 दिनों तक प्रदेश में ऐसी ही स्थिति रहेगी।
आज से नौतपा की शुरुआत
छत्तीसगढ़ में इस बार नौतपा की शुरुआत भीषण गर्मी के बजाय बारिश, आंधी और तेज हवाओं के साथ हुई है, जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है। रविवार को प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से लेकर 4 सेंटीमीटर तक वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है।
राज्य के एक-दो स्थानों पर बीते 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। रायपुर में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस और अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मानसून की प्रगति के लिए अनुकूल स्थितियाँ
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए मौसम अनुकूल बना हुआ है। अगले तीन दिनों में यह मध्य अरब सागर, महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु के शेष हिस्सों, पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी और उत्तर-पूर्वी राज्यों के कुछ क्षेत्रों तक पहुंच सकता है।
Saptahik rashiphal (26 May To 01 June): जानें इस सप्ताह किनका चमकेगा भाग्य
कम दबाव और द्रोणिका बनी सक्रिय
दक्षिण मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और उत्तर आंतरिक कर्नाटक के ऊपर एक चिन्हित कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है, जो धीरे-धीरे पूर्व की ओर बढ़ते हुए अगले 24 घंटों में कमजोर पड़ने की संभावना है। साथ ही पूर्व-मध्य अरब सागर से उत्तर ओडिशा तक एक ऊपरी हवा की द्रोणिका फैली हुई है, जो छत्तीसगढ़ से होकर गुजर रही है।
कई जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग ने बालोद और राजनांदगांव जिलों में 60 से 80 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा, मेघगर्जन और आकाशीय बिजली की चेतावनी देते हुए रेड अलर्ट जारी किया है।
ऑरेंज अलर्ट: उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, जशपुर, दुर्ग, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया, बलरामपुर समेत कई जिलों में 40-60 किमी प्रतिघंटा की तेज हवाएं, वज्रपात और गरज-चमक की चेतावनी दी गई है।
येलो अलर्ट: बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा मरवाही सहित अनेक जिलों में हल्की वर्षा की संभावना को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
रायपुर में बादल छाए रहने और बौछारों की संभावना
राजधानी रायपुर में सोमवार को मौसम सामान्यतः मेघमय रहने की संभावना है। गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
छत्तीसगढ़ में मौसम ने करवट ली है और नौतपा की शुरुआत राहतभरी बारिश के साथ हुई है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें और सतर्क रहें।