महासमुंद। जिले के सांकरा थाना से जुड़ा एक और मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में चर्चा तेज हो गई है। थाना में पदस्थ एएसआई विजेन्द्र चन्दनिया पर एक प्रकरण की विवेचना के दौरान 10 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाते हुए शिकायतकर्ता इन्द्रजीत प्रधान ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) महासमुंद से शिकायत की है। शिकायत के साथ कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग होने का भी दावा किया गया है।
शिकायत के अनुसार, इन्द्रजीत प्रधान एवं अन्य के विरुद्ध थाना सांकरा में एफआईआर क्रमांक 0032/2026 दर्ज है, जिसकी विवेचना एएसआई विजेन्द्र चन्दनिया कर रहे थे। आरोप है कि विवेचना के दौरान एएसआई द्वारा इन्द्रजीत प्रधान के भाई के मोबाइल नंबर पर संपर्क कर मुलाकात के लिए बुलाया जाता था। शिकायतकर्ता का कहना है कि इन कॉलों की रिकॉर्डिंग उसके पास सुरक्षित है।
इन्द्रजीत प्रधान ने आरोप लगाया है कि जब वह थाना सांकरा पहुंचा तो एएसआई ने थाना परिसर के समीप एकांत स्थान पर बुलाकर उससे 10 हजार रुपये की मांग की। शिकायतकर्ता के अनुसार, इस बातचीत का ऑडियो रिकॉर्ड भी उसके पास मौजूद है।
महासमुंद पुलिस विभाग में मचा हड़कंप! 2500 रुपए लेते दिखे आरक्षक? वीडियो वायरल
शिकायत में दावा किया गया है कि ऑडियो रिकॉर्डिंग के लगभग 6 मिनट 42 सेकेंड पर एएसआई यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि “मैं चाहता तो आप लोगों पर जांच में सहयोग नहीं करने का आरोप लगाकर जमानत रद्द करा सकता था, लेकिन मैंने ऐसा नहीं किया।” वहीं रिकॉर्डिंग के लगभग 4 मिनट 38 सेकेंड पर कथित रूप से 10 हजार रुपये देने की बात कही गई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पहले राशि “टीआई साहब” के कहने पर मांगे जाने की बात कही गई, बाद में स्वयं के लिए पैसे मांगने की बात कही गई।
शिकायतकर्ता ने एसपी को दिए आवेदन में कहा है कि मूल ऑडियो रिकॉर्डिंग और रिकॉर्डिंग किया गया मोबाइल उसके पास सुरक्षित है तथा वह किसी भी विधिसम्मत जांच में सहयोग करने के लिए तैयार है। मामले में निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की गई है।
दो दिन पहले भी सामने आया था रिश्वत का मामला
गौरतलब है कि 6 जून 2026 को भी सांकरा थाना से जुड़ा एक मामला सामने आया था, जिसमें थाना में पदस्थ आरक्षक अरुण प्रताप सिंह का कथित रूप से पैसे लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि चालान की प्रति उपलब्ध कराने के नाम पर उससे 2500 रुपये लिए गए थे। मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने संबंधित आरक्षक को पुलिस लाइन अटैच कर जांच शुरू कर दी थी।
अब एएसआई पर लगे नए आरोप के बाद सांकरा थाना एक बार फिर सुर्खियों में है। हालांकि दोनों मामलों में जांच जारी है और आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
जांच के बाद ही होगी स्थिति स्पष्ट
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच की जाएगी। ऑडियो रिकॉर्डिंग की सत्यता और आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। वहीं शिकायतकर्ता ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
नोट: खबर में उल्लेखित आरोप शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए हैं। ऑडियो रिकॉर्डिंग और अन्य तथ्यों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। मामले की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी
यहां देखें शिकायत की प्रति


Recent Comments