महासमुंद। जिला अस्पताल में लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां पैर दर्द की शिकायत पर भर्ती किए गए 3 साल के मासूम लक्ष्य की मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में घोर लापरवाही का आरोप लगाया है।
मृतक बच्चे के पिता सतवन, निवासी खल्लारी चरौदा, ने बताया कि उनके बेटे लक्ष्य को पैर में दर्द की शिकायत थी। उसे इलाज के लिए खरोरा स्थित 100 बिस्तर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां मौजूद एक डॉक्टर ने एक्स-रे कराने और खून चढ़ाने की बात कही, लेकिन इसके बाद कोई समुचित देखभाल नहीं की गई।
परिजनों के अनुसार, जब वे बच्चे को एक्स-रे कराने ले गए तो मशीन खराब बताई गई। पूरी रात बच्चा दर्द से तड़पता रहा, लेकिन किसी भी स्टाफ ने उसकी सुध नहीं ली। अस्पताल कर्मचारियों का रवैया भी उदासीन रहा।
सुबह तक हालत और बिगड़ गई और आखिरकार मासूम ने दम तोड़ दिया। पिता का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही के कारण उनके बेटे की जान गई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, वे बच्चे के शव को अस्पताल से नहीं ले जाएंगे।



