नई दिल्ली, 8 जून। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने देश के विभिन्न हिस्सों के लिए बारिश, आंधी-तूफान, तेज हवाओं और हीटवेव को लेकर ताजा चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 8 जून को महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कुछ और हिस्सों में दस्तक दे दी है तथा आगे बढ़ रहा है।
मौसम विभाग ने अगले सात दिनों के दौरान केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं 8 और 9 जून को कर्नाटक और केरल के कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी वर्षा हो सकती है।
छत्तीसगढ़ में बारिश और तेज हवाओं की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 8 से 14 जून के बीच छत्तीसगढ़ में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। 8 से 10 जून तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तथा झोंकों के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
इसके अलावा 11 और 12 जून को प्रदेश में थंडरस्क्वॉल (तेज आंधी) की स्थिति बन सकती है, जिसमें हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा और झोंकों के साथ 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने का अनुमान है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर
मौसम विभाग ने बताया है कि एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 11 और 12 जून को उत्तर भारत के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक, तेज हवाएं और ओलावृष्टि हो सकती है। इसका असर जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में देखने को मिल सकता है।
कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
कुछ राज्यों में हीटवेव का खतरा
बारिश के बीच देश के कुछ हिस्सों में गर्मी का प्रकोप भी जारी रहेगा। मौसम विभाग ने पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली में हीटवेव की स्थिति बनने की संभावना जताई है।
मौसम संबंधी चेतावनी
— India Meteorological Department (@Indiametdept) June 8, 2026
मुख्य बिंदु
(i) दक्षिण-पश्चिम मानसून आज, 8 जून, 2026 को पश्चिम मध्य और पूर्व मध्य अरब सागर, महाराष्ट्र, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के कुछ और हिस्सों तथा तेलंगाना के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ गया है।
(ii) अगले 7 दिनों के दौरान केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और… pic.twitter.com/p2r2Vq0QUa
किसानों और आम नागरिकों के लिए सलाह
मौसम विभाग ने किसानों और आम लोगों को मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने की सलाह दी है। तेज हवा, बिजली गिरने और भारी बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार मानसून की प्रगति और आगामी मौसम गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा समय-समय पर अपडेट जारी किए जाएंगे।


Recent Comments