Homeछत्तीसगढ़चंदरपुर पेट्रोल पंप के पास दर्दनाक हादसा: खड़ी ट्रक से टकराई बाइक,...

चंदरपुर पेट्रोल पंप के पास दर्दनाक हादसा: खड़ी ट्रक से टकराई बाइक, युवक की मौत

हाईवे पर खड़ी ट्रक बनी मौत का कारण, 18 वर्षीय युवक की गई जान

बागबाहरा/महासमुंद। बागबाहरा-खरियार रोड राष्ट्रीय राजमार्ग पर चंदरपुर पेट्रोल पंप के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका चाचा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार चाचा-भतीजा सड़क किनारे खड़ी एक ट्रक से पीछे से जा टकराए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छबि ठाकुर (18 वर्ष), पिता छत्तर सिंह ठाकुर, निवासी भालूचुआं की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक में साथ रहे उसके चाचा पेसराज ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे महासमुंद रेफर कर दिया गया। परिजनों के अनुसार घायल की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है और वह कोमा में है।

बागबाहरा, घोटाले की जांच रिपोर्ट ही संदिग्ध, पूरी टीम बदल दी

सड़क किनारे खड़े वाहनों से बढ़ रहा खतरा

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि चंदरपुर पेट्रोल पंप के आसपास कई होटल, ढाबे और दुकानें संचालित हैं। इसके चलते सड़क के दोनों किनारों पर अव्यवस्थित तरीके से दर्जनों ट्रक खड़े रहते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्व में भी इसी स्थान पर कई सड़क हादसे हो चुके हैं, लेकिन अब तक यातायात व्यवस्था सुधारने या सड़क किनारे भारी वाहनों की पार्किंग पर रोक लगाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग

हादसे के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन और यातायात विभाग से सड़क किनारे ट्रकों की अवैध पार्किंग पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो भविष्य में भी ऐसे हादसे होते रहेंगे और लोगों की जान जाती रहेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments