रायपुर कोरिया। जिले में रेत उत्खनन को लेकर भाजपा नेताओं के बीच शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। फॉर्च्यूनर वाहन में पेट्रोल डालकर आग लगाने की घटना में भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार की मौत के बाद अब उनके रिश्तेदार वीरेंद्र सिंह उर्फ वीरू सिंह गहरवार ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को रेत उत्खनन को लेकर भाजपा नेताओं के दो गुटों के बीच विवाद हुआ था। रात में यह विवाद हिंसक रूप ले बैठा। आरोप है कि फॉर्च्यूनर वाहन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई, जिसमें भरत सिंह गहरवार की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। वहीं उनके साथ वाहन में मौजूद वीरू सिंह गंभीर रूप से झुलस गए थे, जिनकी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।

घटना में तीन अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जारी है। घायलों में योगेन्द्र सिंह की हालत में सुधार बताया जा रहा है और वह बयान देने की स्थिति में हैं।
छत्तीसगढ़ ब्रेकिंग: कार में जिंदा जले दो भाई, भाजपा नेता समेत दो की दर्दनाक मौत
सात आरोपियों पर हत्या का मामला दर्ज
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात लोगों के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और आगजनी समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने अक्षय त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी और मन्नू त्रिपाठी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बड़ा बयान
दोहरे हत्याकांड को लेकर मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। रायपुर से सूरजपुर दौरे पर रवाना होने से पहले मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि मामला उनके संज्ञान में है और पुलिस इसकी जांच कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। कानून के अनुसार सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
प्रदेश की राजनीति में चर्चा का विषय बना मामला
रेत उत्खनन को लेकर भाजपा नेताओं के बीच हुए इस खूनी संघर्ष ने प्रदेश की राजनीति में भी हलचल मचा दी है। दो लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने के बाद विपक्ष भी सरकार को घेरने की तैयारी में है, जबकि पुलिस पूरे मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। फिलहाल क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। मामले की जांच जारी है।


Recent Comments