रायपुर। मौसम अलर्ट के बीच छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 23 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी वर्षा भी हो सकती है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में अधिकतम 3 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई। कई जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई, लेकिन अब तक प्रदेश में सामान्य से करीब 18 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के प्रभाव में कमी आने के बाद अब नया मौसम तंत्र सक्रिय होने की उम्मीद है, जिससे बारिश का दौर तेज हो सकता है।
मौसम अलर्ट: रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में शनिवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने के आसार हैं। हल्की बारिश या बूंदाबांदी भी हो सकती है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
क्यों बदला मौसम का मिजाज?
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, हाल के दिनों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ ने अरब सागर से आने वाली नमी को अपनी ओर खींच लिया था, जिससे छत्तीसगढ़ में बारिश का दायरा सीमित हो गया। हालांकि अब यह प्रभाव कमजोर पड़ रहा है और मानसूनी गतिविधियां फिर से मजबूत होने की संभावना है। इसी वजह से अगले दो दिनों में कई हिस्सों में अच्छी बारिश हो सकती है।
मौसम अलर्ट: इन 23 जिलों में बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने शनिवार सुबह 10 बजे तक निम्न जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है—
- कोंडागांव
- उत्तर बस्तर कांकेर
- धमतरी
- बालोद
- राजनांदगांव
- गरियाबंद
- महासमुंद
- रायपुर
- बलौदाबाजार
- जांजगीर-चांपा
- रायगढ़
- बिलासपुर
- कोरबा
- जशपुर
- गौरेला-पेंड्रा-मरवाही
- दुर्ग
- बेमेतरा
- कबीरधाम
- मुंगेली
- सरगुजा
- सूरजपुर
- कोरिया
- बलरामपुर
इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं गरज-चमक की भी संभावना जताई गई है।


Recent Comments