Homeछत्तीसगढ़भवानीपटना से इंदौर ले जाया जा रहा था 62 किलो गांजा, महासमुंद...

भवानीपटना से इंदौर ले जाया जा रहा था 62 किलो गांजा, महासमुंद पुलिस ने दो तस्करों को दबोचा, कार में बने थे गुप्त चैंबर

महासमुंद, 3 जुलाई 2026। महासमुंद पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 62.160 किलोग्राम गांजा के साथ दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ओडिशा के भवानीपटना से मध्यप्रदेश के इंदौर तक गांजा की खेप ले जा रहे थे। पुलिस ने करीब 36.13 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस के अनुसार जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) एवं थाना-चौकी पुलिस द्वारा लगातार बॉर्डर चेक पोस्ट पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना कोमाखान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार (एमपी-13-जेडडब्ल्यू-9964) में दो व्यक्ति ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर गांजा लेकर आ रहे हैं।

सूचना के आधार पर ग्राम गोयनाबाहरा के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने कार को रोककर तलाशी ली। जांच में कार के भीतर बनाए गए दो गुप्त चैंबर से 62.160 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस को चकमा देने के लिए तस्करों ने विशेष रूप से इन गुप्त चैंबरों में गांजा छिपाया था।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम सुरेश मालवीय (30 वर्ष), निवासी देवली पीपलोन, जिला आगर-मालवा (मध्यप्रदेश) तथा एल्कार सेन (30 वर्ष), निवासी मारूबल्डिया, थाना बड़ोद, जिला आगर-मालवा (मध्यप्रदेश) बताया। दोनों ने स्वीकार किया कि वे गांजा की खेप भवानीपटना (ओडिशा) से लेकर इंदौर (मध्यप्रदेश) जा रहे थे।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना कोमाखान में अपराध क्रमांक 99/2026 के तहत धारा 20(बी)(ii)(सी) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।

जब्त संपत्ति

  • 62.160 किलोग्राम गांजा – अनुमानित कीमत 31.08 लाख रुपये
  • स्विफ्ट डिजायर कार – कीमत लगभग 5 लाख रुपये
  • एक मोबाइल फोन – कीमत 5 हजार रुपये

कुल जब्त संपत्ति का मूल्य: 36 लाख 13 हजार रुपये।

महासमुंद पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, परिवहन एवं बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अंतरराज्यीय तस्करों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments