महासमुंद, 3 जुलाई 2026। महासमुंद वनमंडल के बेलर परिसर में एक दतैल हाथी की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के कई गांवों में हाई अलर्ट जारी किया है। हाथी लगातार जंगल और ग्रामीण क्षेत्रों के बीच विचरण कर रहा है, जिससे ग्रामीणों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
वन विभाग के अनुसार शुक्रवार को एक दतैल हाथी ग्राम मोहदी में मंजू भगत के खेत पहुंच गया, जहां उसने नारियल के पेड़ को नुकसान पहुंचाया। इसके बाद हाथी चंपई मांता मंदिर की ओर से होते हुए कक्ष क्रमांक 63, 62 और 64 के जंगल की ओर बढ़ गया।
वर्तमान में हाथी कक्ष क्रमांक 64, 62, 61 और 438 के जंगल क्षेत्र में विचरण कर रहा है। घटना में फसल को नुकसान हुआ है, जबकि किसी मकान या जनहानि की सूचना नहीं है।
हाथी की गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग ने ग्राम मोहदी, अरण्ड, बेलर, गौरखेड़ा, दलदली, उमरदा, मुडमार, पतेरापाली, सिरगिड़ी, झालखमरिया, सोरिद, चोरभाठी, बनसीवनी, लोहारडीह और परसापानी सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। इसके अलावा बोरियाझर, केशवा, खट्टीकोना, बकमा, जिवतरा और धनसुली के ग्रामीणों को भी अलर्ट किया गया है।
रायपुर में महिला से दिनदहाड़े पर्स झपटमारी, ढाई लाख के सोने के जेवर, मोबाइल और नकदी लेकर फरार
वन विभाग ने बताया कि सभी प्रभावित गांवों में कोटवारों के माध्यम से मुनादी करवा दी गई है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे जंगल की ओर न जाएं, अकेले खेतों में जाने से बचें तथा हाथी दिखाई देने पर उसके पास जाने या उसे भगाने का प्रयास न करें। हाथी दिखने पर तत्काल नजदीकी वन कर्मचारी या वन विभाग को सूचना दें।
वन विभाग की टीम हाथी की लगातार निगरानी कर रही है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।


Recent Comments