देवभोग नगर पंचायत में सहायक ग्रेड-03 कर्मचारी संदीप चंद्राकर के साथ कथित मारपीट मामले ने अब बड़ा रूप ले लिया है। आरोपी इंजीनियर आर. श्याम सुंदर पटनायक की गिरफ्तारी को लेकर प्रदेशभर के नगरीय निकाय कर्मचारी लामबंद हो गए हैं। मामले में नवयुक्त अधिकारी कर्मचारी संघ के प्रदेश पदाधिकारियों ने एसपी गरियाबंद और थाना प्रभारी देवभोग को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और गंभीर धाराओं में कार्रवाई की मांग की है।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष राजेश सोनी ने घटना को बेहद निंदनीय बताते हुए कहा कि पंचायत कार्यालय में कार्यालयीन समय के दौरान शराब के नशे में बाहरी असामाजिक तत्वों के साथ घुसकर कर्मचारी के साथ मारपीट और अश्लील गाली-गलौज करना पूरे कर्मचारी वर्ग का अपमान है। उन्होंने कहा कि इस घटना को लेकर पूरे प्रदेश के कर्मचारियों में भारी आक्रोश है।
राजेश सोनी ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर आरोपी इंजीनियर और उसके साथियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो प्रदेशभर के नगरीय निकाय कर्मचारी देवभोग थाना का घेराव करेंगे। उन्होंने कहा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की होगी।
संघ ने छत्तीसगढ़ शासन से भी मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
ज्ञापन सौंपने के दौरान संघ के प्रदेश महामंत्री सुभाष सोनकर, बस्तर संभाग महामंत्री विनोद यादव, महासमुंद जिला उपाध्यक्ष कमलजीत सलूजा, प्रदेश प्रवक्ता ललित साहू, सोनू टांडी सहित स्थानीय कर्मचारी और पदाधिकारी मौजूद रहे।



Recent Comments