Homeदेश - विदेशतमिलनाडु में सस्पेंस खत्म: विजय बनेंगे मुख्यमंत्री, 10 मई को चेन्नई में...

तमिलनाडु में सस्पेंस खत्म: विजय बनेंगे मुख्यमंत्री, 10 मई को चेन्नई में होगा भव्य शपथ ग्रहण

तमिलनाडु की राजनीति में पिछले कई दिनों से जारी सस्पेंस आखिरकार खत्म हो गया है। तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) प्रमुख विजय ने बहुमत का आंकड़ा हासिल कर लिया है और अब वे 10 मई को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

234 सदस्यीय विधानसभा में TVK को 108 सीटें मिली थीं और वह सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी, लेकिन बहुमत से पीछे रह गई थी। इसके बाद कांग्रेस, CPI, CPI(M), VCK और IUML ने विजय को समर्थन देने का ऐलान किया, जिससे विजय के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 118 विधायकों का जादुई आंकड़ा पार कर लिया।

राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने विजय को औपचारिक रूप से सरकार बनाने के लिए आमंत्रित कर दिया है। शपथ ग्रहण समारोह 10 मई की सुबह 10 बजे चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित होगा। राज्यपाल विजय को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। साथ ही उन्हें 13 मई तक विधानसभा में विश्वास मत हासिल करने का निर्देश भी दिया गया है।

राहुल गांधी भी होंगे शामिल

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi भी विजय के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने चेन्नई पहुंचेंगे। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी सुबह चेन्नई पहुंचेंगे और समारोह में हिस्सा लेंगे। इस हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम को देखते हुए शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

VCK और IUML के समर्थन से बनी बात

सरकार गठन को लेकर पिछले तीन दिनों से लगातार राजनीतिक हलचल जारी थी। शुरुआत में VCK द्वारा डिप्टी सीएम पद की मांग को लेकर स्थिति उलझी हुई थी, लेकिन बाद में पार्टी ने समर्थन पत्र सौंप दिया। IUML ने भी विजय के नेतृत्व वाले गठबंधन को समर्थन देने की घोषणा की, जिसके बाद सरकार गठन का रास्ता साफ हो गया।

चेन्नई में जश्न का माहौल

विजय के मुख्यमंत्री बनने की खबर के बाद चेन्नई समेत पूरे तमिलनाडु में TVK समर्थकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटकर और आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया।

परिवहन कर्मचारियों में भी बढ़ा TVK का प्रभाव

चुनावी सफलता के बाद अब तमिलनाडु राज्य परिवहन निगम (TNSTC) और SETC के कुछ कर्मचारी TVK समर्थक अलग यूनियन बनाने की तैयारी में जुट गए हैं। बताया जा रहा है कि चालक और परिचालकों का एक वर्ग विजय की पार्टी से जुड़ी नई ट्रेड यूनियन बनाने पर काम कर रहा है।

कांग्रेस नेताओं ने दी बधाई

कांग्रेस नेता मणिकम टैगोर ने विजय को मुख्यमंत्री बनने पर बधाई देते हुए कहा कि तमिलनाडु अब बदलाव और नई उम्मीदों के दौर में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि विजय के नेतृत्व में राज्य को पारदर्शी और जनहितकारी शासन मिलेगा।

वहीं AIADMK महासचिव Edappadi K. Palaniswami ने भी विजय और सरकार बनाने वाले गठबंधन को शुभकामनाएं दी हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments