रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नया रायपुर में आज 13 मई को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के तहत रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा। रायपुर में आज होने वाला IPL मैच RCB vs KKR शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। टॉस मैच शुरू होने से करीब 30 मिनट पहले यानी 7:00 बजे होगा मैच को लेकर यातायात पुलिस रायपुर ने दर्शकों और खिलाड़ियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए विशेष रूट प्लान और पार्किंग व्यवस्था जारी की है।
रायपुर शहर से स्टेडियम जाने का मार्ग
रायपुर शहर से आने वाले दर्शक तेलीबांधा थाना तिराहा, नेशनल हाईवे-53, सेरीखेड़ी ओवरब्रिज होते हुए नया रायपुर मार्ग से स्टेडियम पहुंचेंगे। वाहन स्टेडियम तिराहा से सांई अस्पताल रोड होते हुए परसदा और कोसा पार्किंग में पार्क किए जाएंगे। पार्किंग फुल होने पर श्री सत्य सांई अस्पताल और सेंध तालाब पार्किंग का उपयोग किया जाएगा।
बिलासपुर की ओर से आने वालों के लिए
बिलासपुर से आने वाले दर्शक धनेली नाला, रिंग रोड-03, विधानसभा चौक, राजू ढाबा जंक्शन और मंदिर हसौद होते हुए नवागांव स्टेडियम टर्निंग से स्टेडियम पहुंचेंगे। वाहन परसदा और कोसा पार्किंग में पार्क होंगे।
बलौदाबाजार-खरोरा मार्ग से आने वालों के लिए
बलौदाबाजार और खरोरा से आने वाले लोग विधानसभा ओवरब्रिज चौक, रिंग रोड-03, राजू ढाबा जंक्शन और मंदिर हसौद होते हुए स्टेडियम पहुंच सकेंगे।
धमतरी-जगदलपुर मार्ग से आने वालों के लिए
धमतरी और जगदलपुर की ओर से आने वाले दर्शक अभनपुर, केंद्री, उपरवारा, मंत्रालय चौक और सेंध तालाब होकर स्टेडियम पहुंचेंगे।
दुर्ग-भिलाई से आने वालों के लिए
दुर्ग-भिलाई से आने वाले दर्शकों के लिए टाटीबंध, रिंग रोड-01, पचपेड़ी नाका, तेलीबांधा थाना तिराहा और सेरीखेड़ी ओवरब्रिज होकर नया रायपुर मार्ग निर्धारित किया गया है।
महासमुंद-सरायपाली से आने वालों के लिए
महासमुंद और सरायपाली की ओर से आने वाले लोग आरंग से सीधे स्टेडियम टर्निंग पहुंचकर परसदा और कोसा पार्किंग में वाहन खड़े कर सकेंगे।
पासधारी वाहनों के लिए विशेष व्यवस्था
जिन वाहनों के पास A, B, C, D, E, F और G पार्किंग पास हैं, वे सेरीखेड़ी ओवरब्रिज, डॉ. खूबचंद बघेल चौक, कयाबांधा चौक और सेंध सेक्टर मार्ग से होकर निर्धारित पार्किंग तक पहुंच सकेंगे।
भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक
यातायात पुलिस ने जानकारी दी है कि दोपहर 3 बजे से रात 1 बजे तक नया रायपुर के सभी प्रवेश मार्गों पर मध्यम और भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
स्टेडियम में ये सामान ले जाना प्रतिबंधित
- शराब, सिगरेट, गुटखा और ज्वलनशील पदार्थ
- बोतल, टिफिन और वाद्य यंत्र
- छाता, डंडा, झंडा और हॉकी स्टिक
- चाकू, तलवार और अन्य धारदार वस्तुएं
- बाहरी खाद्य सामग्री
- बैग, सूटकेस और कागज पैकेट
- लैपटॉप, कैमरा और लेजर लाइट
- स्प्रे, फुग्गे और खिलौना गेंद
- रेडियो, सिटी और प्रचार सामग्री
यातायात पुलिस ने दर्शकों से समय से पहले निकलने और निर्धारित मार्गों का पालन करने की अपील की है।



Recent Comments