PM मोदी की चेतावनी: कोरोना महामारी, युद्ध और ऊर्जा संकट को लेकर पीएम मोदी ने दुनिया को आगाह किया। कहा- हालात नहीं सुधरे तो करोड़ों लोग फिर गरीबी में जा सकते हैं। PM मोदी ने वैश्विक अर्थव्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता जाहिर करते हुए कहा है कि दुनिया लगातार नए संकटों का सामना कर रही है और यदि हालात जल्द नहीं सुधरे तो पिछले कई दशकों में गरीबी उन्मूलन के लिए हासिल की गई उपलब्धियां खत्म हो सकती हैं।
नीदरलैंड्स के द हेग में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि वर्तमान दशक दुनिया के लिए आपदाओं का दौर बनता जा रहा है। अपने पांच देशों के यूरोपीय दौरे के दूसरे चरण में उन्होंने कहा कि पहले कोरोना महामारी आई, उसके बाद युद्ध शुरू हुए और अब पूरी दुनिया ऊर्जा संकट से जूझ रही है।
PM मोदी ने कहा कि इन वैश्विक संकटों का असर आम लोगों की जिंदगी और अर्थव्यवस्था पर साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इन परिस्थितियों पर जल्द नियंत्रण नहीं पाया गया, तो दुनिया की बड़ी आबादी दोबारा गरीबी की ओर धकेली जा सकती है और वर्षों की मेहनत बेकार हो सकती है।
मितव्ययिता अपनाने की अपील
यूरोप दौरे से पहले हैदराबाद में आयोजित एक कार्यक्रम में भी पीएम मोदी ने लोगों से स्वैच्छिक मितव्ययिता अपनाने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि जहां संभव हो, लोग घर से काम करें, अनावश्यक विदेश यात्राओं से बचें और सोने की खरीदारी कम करें।
उन्होंने ईंधन बचत और विदेशी मुद्रा संरक्षण को देशहित से जोड़ते हुए सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल, कार पूलिंग और उर्वरकों के सीमित उपयोग पर जोर दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि कोरोना काल में वर्क फ्रॉम होम एक सामान्य व्यवस्था बन गई थी और अब ऐसे व्यवहारिक बदलावों को मांग प्रबंधन के प्रभावी उपाय के रूप में देखा जा रहा है।
उन्होंने लोगों से जरूरत के अनुसार ही संसाधनों के उपयोग की अपील करते हुए कहा कि इससे विदेशी मुद्रा की बचत होगी और वैश्विक संकटों के असर को कम करने में मदद मिलेगी।



Recent Comments