रायपुर। राजधानी रायपुर के सदर बाजार स्थित प्रतिष्ठित ज्वेलरी दुकान मनोहरमल एंड कंपनी ज्वेलर्स में करीब 2 करोड़ रुपए से अधिक के सोने के जेवर गायब होने का मामला सामने आया है। कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने दुकान के एक कर्मचारी के खिलाफ गबन का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित कारोबारी सुरेश भंसाली सदर बाजार में सोने-चांदी का कारोबार करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी दुकान में कार्यरत कर्मचारी सूरज साहू पिछले 16 वर्षों से काम कर रहा था और रोजाना डिस्प्ले में रखे गए जेवरों को वापस लॉकर में सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी उसी के पास थी।
आरोप है कि 9 अप्रैल 2026 को दुकान बंद करते समय सूरज साहू ने जेवरों को लॉकर में रखने के बजाय अपने पास रख लिया। शुरुआत में इस बात की जानकारी किसी को नहीं हुई, लेकिन 13 अप्रैल को स्टॉक मिलान के दौरान भारी कमी सामने आई। जांच में करीब 1495 ग्राम 670 मिलीग्राम सोना गायब पाया गया।
15 साल के वैभव सूर्यवंशी का तूफान, 53 छक्कों के साथ रसेल को पछाड़ा, अब गेल का रिकॉर्ड निशाने पर
इसके बाद कारोबारी ने दुकान के कर्मचारियों से पूछताछ की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में दुकान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें संदिग्ध गतिविधियां सामने आने की बात कही जा रही है।
पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के इस मामले में कोतवाली निरीक्षक सतीश सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी कर्मचारी सूरज साहू के खिलाफ गबन का अपराध दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। साथ ही CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच जारी है।



Recent Comments