महासमुंद: जिले के सिटी कोतवाली अंतर्गत आने वाले प्रसिद्ध महामाया मंदिर परिसर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ शिव पुराण कथा सुनने आई एक बुजुर्ग महिला के गले से शातिर चोरों ने सोने की चैन और लॉकेट पार कर दिया। यह पूरी वारदात मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस अब अज्ञात महिला चोरों की तलाश में जुट गई है।
प्रसाद ग्रहण करने के दौरान बनाया निशाना
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 16 पुराना रावणभाठा निवासी टकेश्वर साहू की मां श्रीमती समारिन बाई साहू दिनांक 17 मई 2026 को शाम करीब 4:30 बजे महामाया मंदिर में आयोजित शिव पुराण कथा सुनने गई थीं। कथा समाप्त होने के बाद जब वे घर लौटीं, तो उन्हें अहसास हुआ कि उनके गले में पहनी हुई सोने की चैन और लॉकेट गायब है।
CCTV फुटेज ने खोला राज, दो महिलाएं दिखीं संदिग्ध
चोरी की भनक लगते ही पीड़ित महिला का बेटा टकेश्वर साहू तुरंत महामाया मंदिर पहुंचा और वहां लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे के फुटेज खंगाले। फुटेज में साफ देखा गया कि शाम करीब 06:50 बजे, जब मंदिर में प्रसाद वितरण हो रहा था और भीड़ का फायदा उठाकर दो अज्ञात महिलाएं पीड़ित बुजुर्ग महिला के बेहद करीब पहुंचती हैं। उनमें से एक महिला बड़ी चालाकी से बुजुर्ग महिला के गले से सोने की चैन खींचकर गायब हो जाती है।
30 ग्राम वजनी सोने का जेवर था, पुलिस ने दर्ज किया मामला
चोरी गए आभूषणों में 25 ग्राम वजनी सोने की चैन और उसमें लगा 5 ग्राम का लॉकेट शामिल है। पुरानी इस्तेमाली इस सोने की चैन और लॉकेट की कुल कीमत लगभग 90,000 रुपये बताई जा रही है।
महासमुंंद, खूंखार हुआ सियारों का झुंड, घोघरा में दहशत
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने अपने स्तर पर आसपास महिलाओं की पतासाजी करने की कोशिश की, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई। महासमुंद पुलिस ने टकेश्वर साहू की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 303(2) (चोरी) के तहत अपराध पंजीकृत कर लिया है। हेड कांस्टेबल जितेंद्र कुमार सिंह मामले की जांच कर रहे हैं।
नौतपा 2026 पर मतभेद: देव पंचांग में 19 मई, जबकि काल निर्णय और दृक पंचांग में 25 मई से शुरुआत


Recent Comments