बसना/महासमुंद, 8 जून 2026। महासमुंद जिले के बहुचर्चित धान हेराफेरी एवं गबन मामले में बसना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वर्ष 2020-21 में धान खरीदी केंद्र पिरदा में 17,210.72 क्विंटल धान की हेराफेरी कर लगभग 4.50 करोड़ रुपये के गबन के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो मुख्य आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति पिरदा के धान उपार्जन केंद्र में बड़े पैमाने पर अनियमितता कर शासन को आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया था। मामले की शिकायत 27 मार्च 2024 को राजेश कुमार सिदार द्वारा थाना बसना में दर्ज कराई गई थी, जिसके आधार पर अपराध क्रमांक 163/2024 के तहत धारा 420, 409 एवं 34 भारतीय दंड संहिता के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों एवं दस्तावेजों के आधार पर फरार आरोपियों की तलाश जारी रखी। इसी क्रम में 8 जून 2026 को पुलिस ने मामले के दो मुख्य आरोपियों कन्हाई सेठ और राजकुमार पटेल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया तथा जांच में उनकी संलिप्तता प्रमाणित पाई गई।
गिरफ्तार आरोपियों में कन्हाई सेठ (59 वर्ष), निवासी रोहिना थाना सरायपाली, तत्कालीन व्यवस्थापक एवं खरीदी केंद्र प्रभारी, तथा राजकुमार पटेल (42 वर्ष), निवासी बरेकेल थाना बसना, तत्कालीन सेल्समैन शामिल हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। उल्लेखनीय है कि इस प्रकरण में पूर्व में दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और उनके विरुद्ध न्यायालय में आरोप पत्र भी प्रस्तुत किया जा चुका है।
महासमुंद पुलिस ने कहा है कि आर्थिक अपराधों, भ्रष्टाचार तथा सरकारी संपत्ति के गबन के मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


Recent Comments