Homeछत्तीसगढ़चोरभट्ठी स्थित कामाख्या देवी मंदिर के पास बोलेरो-बाइक भिड़ंत, तीन घायल; चालक...

चोरभट्ठी स्थित कामाख्या देवी मंदिर के पास बोलेरो-बाइक भिड़ंत, तीन घायल; चालक के खिलाफ अपराध दर्ज

घायलों को पहले बागबाहरा अस्पताल और बाद में रिम्स गोडही में कराया गया भर्ती, चालक पर नशे में वाहन चलाने का भी आरोप।

कोमाखान/महासमुंद, 14 जून। महासमुंद जिले के कोमाखान थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी टुहलू के ग्राम चोरभट्ठी में तेज रफ्तार बोलेरो वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कछारडीह निवासी मेघराज साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह अपने ससुराल पक्ष के लोगों मुकेश साहू, दीपक साहू और उर्मिला साहू के साथ ग्राम बम्हनी से वापस अपने घर लौट रहा था। मुकेश साहू मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GX 0926 चला रहे थे, जबकि दीपक साहू और उर्मिला साहू बाइक पर सवार थे। मेघराज साहू दूसरी मोटरसाइकिल से उनके पीछे चल रहा था।

बताया गया कि 6 जून 2026 की शाम करीब 6 बजे ग्राम चोरभट्ठी स्थित कामाख्या देवी मंदिर के पास मुख्य मार्ग पर सामने से आ रही बोलेरो क्रमांक CG 05 X 7105 के चालक ने वाहन को तेज एवं लापरवाहीपूर्वक गलत दिशा में चलाते हुए मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार मुकेश साहू, दीपक साहू और उर्मिला साहू को हाथ, पैर, सीने तथा शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं।

शिकायतकर्ता के अनुसार दुर्घटना के बाद बोलेरो चालक ने अपना नाम ठाकुरराम गोंड (26 वर्ष), निवासी ग्राम बहेराभांठा, थाना छुरा, जिला गरियाबंद बताया। चालक के शराब के नशे में होने की आशंका भी व्यक्त की गई है।

घटना के बाद घायलों को डायल-112 की सहायता से शासकीय अस्पताल बागबाहरा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स अस्पताल गोडही में भर्ती कराया गया।

घायलों के उपचार के बाद रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने आरोपी चालक ठाकुरराम गोंड के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 125(ए) तथा मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments