Homeछत्तीसगढ़कौन है तुरेंगा की मृतका? 25-30 वर्षीय महिला की पहचान अब तक...

कौन है तुरेंगा की मृतका? 25-30 वर्षीय महिला की पहचान अब तक नहीं, हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

महासमुंद। पटेवा थाना क्षेत्र के ग्राम तुरेंगा में खेत से बरामद हुई अज्ञात महिला की लाश अब पुलिस के लिए रहस्यमयी पहेली बन गई है। हत्या के कई घंटे बाद भी मृतका की पहचान नहीं हो सकी है, जिससे मामले की जांच और चुनौतीपूर्ण हो गई है। पुलिस आसपास के जिलों और थानों में गुमशुदगी के रिकॉर्ड खंगाल रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।

जानकारी के अनुसार 17 जून की सुबह ग्रामीणों ने तुरेंगा गांव के खेमसिंग दीवान के खेत में महुआ पेड़ के पास एक महिला का शव पड़ा देखा था। सूचना मिलते ही पटेवा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतका की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष बताई जा रही है।

शव के निरीक्षण के दौरान महिला के गले, दाढ़ी और जबड़े पर धारदार हथियार से किए गए गहरे वार के निशान मिले। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने इसे हत्या का मामला मानते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज किया है।

महासमुंद ब्रेकिंग: तुरेंगा के पास खेत में युवती की लाश मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका

पहचान के लिए पुलिस के पास क्या-क्या सुराग?

पुलिस के अनुसार मृतका ने नीले रंग की नाइटी और कत्थई रंग का पेटीकोट पहन रखा था। गले में नारंगी रंग की चुनरी लिपटी हुई थी। इसके अलावा पैरों में बिछिया और पायल तथा गले में लाल धागे में मंगलसूत्र मिला है। इन वस्तुओं के आधार पर पुलिस मृतका की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

मृतका के पास से कोई पहचान पत्र, मोबाइल फोन या ऐसा दस्तावेज नहीं मिला है, जिससे उसकी पहचान तुरंत स्थापित हो सके। यही कारण है कि पुलिस को जांच में अतिरिक्त मशक्कत करनी पड़ रही है।

हत्या के पीछे क्या है वजह?

फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला स्थानीय है या किसी अन्य क्षेत्र से लाई गई थी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हत्या घटनास्थल पर हुई या शव को कहीं और से लाकर खेत में फेंका गया।

ग्रामीणों में दहशत

दिनदहाड़े खेत में महिला का शव मिलने की घटना से तुरेंगा और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द मामले का खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को मृतका के संबंध में कोई जानकारी हो या हाल के दिनों में किसी महिला की गुमशुदगी की जानकारी हो, तो तत्काल पटेवा थाना से संपर्क करें। पुलिस को उम्मीद है कि मृतका की पहचान होते ही हत्या की गुत्थी सुलझाने में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments