PWD ने ली जिम्मेदारी, नगर पालिका का जलकार्य अमला भी मौके पर पहुंचा; प्रभावित क्षेत्र में जल्द बहाल होगी जलापूर्ति, कलेक्टर के हस्तक्षेप के बाद हरकत में आया विभाग, टूटी पाइपलाइन की मरम्मत शुरू
महासमुंद। तुमगांव रोड स्थित ईदगाह के आगे सड़क निर्माण कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त हुई पेयजल पाइपलाइन को लेकर उठे सवालों के बीच प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए समस्या के समाधान की दिशा में कदम बढ़ा दिया है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के संज्ञान में मामला आने के बाद संबंधित विभाग सक्रिय हो गए हैं और पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया गया है।
दरअसल, सड़क निर्माण के दौरान ठेकेदार के कर्मचारियों द्वारा बुलडोजर से नगर पालिका की मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके चलते शहर के एक बड़े हिस्से की जलापूर्ति प्रभावित होने की आशंका पैदा हो गई थी। प्रारंभिक स्तर पर जिम्मेदारी को लेकर अलग-अलग विभागों के बीच भ्रम की स्थिति भी बनी रही।
कलेक्टर के निर्देश के बाद तत्काल कार्रवाई
मामले की जानकारी मिलते ही कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर स्थिति स्पष्ट करने के निर्देश दिए। इसके बाद लोक निर्माण विभाग (PWD) ने पाइपलाइन क्षति की जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए मरम्मत कार्य प्रारंभ करा दिया।
नगर पालिका का जलकार्य अमला भी तत्काल मौके पर पहुंचा और पाइपलाइन सुधार कार्य में सहयोग शुरू किया गया। अधिकारियों का कहना है कि जलापूर्ति व्यवस्था को जल्द से जल्द सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।
जनता को राहत, प्रशासन की तत्परता की सराहना
स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने मामले में प्रशासन की त्वरित प्रतिक्रिया की सराहना की है। लोगों का कहना है कि यदि समय पर हस्तक्षेप नहीं होता तो बड़ी आबादी को पानी संकट का सामना करना पड़ सकता था।
जिम्मेदार कौन? ठेकेदार की लापरवाही से टूटी पेयजल पाइपलाइन, आधे शहर की पानी सप्लाई प्रभावित
जवाबदेही के साथ समाधान का संदेश
यह घटनाक्रम इस बात का उदाहरण भी बना कि समस्याओं को केवल उठाना ही नहीं, बल्कि उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना भी प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। कलेक्टर के हस्तक्षेप के बाद विभागों द्वारा समन्वय स्थापित कर तत्काल कार्रवाई किए जाने से आम नागरिकों को राहत मिली है।
स्थानीय लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाने के लिए कलेक्टर विनय कुमार लंगेह तथा मरम्मत कार्य में जुटे विभागीय अमले को धन्यवाद दिया है।


Recent Comments