Homeछत्तीसगढ़महासमुंद जेल से रायपुर लाए गए दुष्कर्म के आरोपी नरेंद्र नयन शास्त्री,...

महासमुंद जेल से रायपुर लाए गए दुष्कर्म के आरोपी नरेंद्र नयन शास्त्री, उपचार के लिए मेकाहारा में जांच

रायपुर/महासमुंद। दुष्कर्म के मामले में महासमुंद केंद्रीय जेल में निरुद्ध चर्चित कथावाचक एवं ज्योतिषाचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री को स्वास्थ्य संबंधी जांच के लिए गोपनीय तरीके से रायपुर लाया गया। जेल सूत्रों के अनुसार उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद प्रशासन ने उन्हें रायपुर केंद्रीय जेल के माध्यम से उपचार हेतु डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) भेजने की प्रक्रिया शुरू की है।

जानकारी के मुताबिक शास्त्री को सुरक्षा व्यवस्था के बीच महासमुंद जेल से विशेष वाहन में रायपुर लाया गया। यहां आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें सोनोग्राफी सहित अन्य चिकित्सकीय जांच के लिए मेकाहारा ले जाया जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद उन्हें वापस महासमुंद केंद्रीय जेल भेजा जा सकता है।

महासमुंद जेल से रायपुर लाए गए दुष्कर्म के आरोपी नरेंद्र नयन शास्त्री, उपचार के लिए मेकाहारा में जांच
महासमुंद जेल से रायपुर लाए गए दुष्कर्म के आरोपी नरेंद्र नयन शास्त्री, उपचार के लिए मेकाहारा में जांच

दुष्कर्म के आरोप में हैं न्यायिक हिरासत में

गौरतलब है कि महासमुंद जिले के बागबाहरा थाना क्षेत्र की एक महिला ने नरेंद्र नयन शास्त्री के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस जांच में प्रथम दृष्टया आरोपों की पुष्टि होने के बाद उनके विरुद्ध गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस ने उन्हें रायपुर जिले के सिलयारी क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

‘चावल वाले बाबा’ के नाम से थी पहचान

नरेंद्र नयन शास्त्री लंबे समय से कथावाचन और ज्योतिषीय दावों को लेकर चर्चाओं में रहे हैं। श्रद्धालुओं के बीच उनकी पहचान ‘चावल देखकर भविष्य बताने वाले बाबा’ के रूप में रही है। उनके धार्मिक आयोजनों और आश्रम में बड़ी संख्या में लोग पहुंचते थे।

साजिश की आशंका जताई

मीडिया से बातचीत के दौरान शास्त्री ने अपने ऊपर लगे आरोपों पर सीधे तौर पर कुछ भी कहने से परहेज किया। उन्होंने इतना जरूर कहा कि उनके खिलाफ साजिश भी हो सकती है। हालांकि मामले की जांच और न्यायिक प्रक्रिया जारी है।

फिलहाल आरोपी शास्त्री की स्वास्थ्य जांच कराई जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की चिकित्सकीय कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments