Homeछत्तीसगढ़झलप शराब दुकान में आबकारी टीम पर हमला, 6 नामजद समेत कई...

झलप शराब दुकान में आबकारी टीम पर हमला, 6 नामजद समेत कई पर FIR दर्ज

महासमुंद। जिले के पटेवा थाना क्षेत्र स्थित झलप की कंपोजिट शराब दुकान में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची आबकारी विभाग की टीम पर हमला करने, शासकीय कार्य में बाधा डालने और जब्त शराब छुड़ाकर आरोपियों को फरार कराने के मामले में पुलिस ने 6 नामजद समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार 29 जून 2026 को आबकारी उप निरीक्षक अनिल कुमार झारिया की लिखित शिकायत पर पटेवा थाना में अपराध क्रमांक 114/2026 दर्ज किया गया। यह घटना 28 जून 2026 की रात करीब 9:15 से 10:00 बजे के बीच झलप स्थित कंपोजिट शराब दुकान के सामने हुई।

अवैध शराब बिक्री की सूचना पर पहुंची थी टीम

एफआईआर के मुताबिक जिला आबकारी अधिकारी अजय कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में आबकारी विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि झलप शराब दुकान से कुछ लोग बड़ी मात्रा में देशी शराब खरीदकर अवैध रूप से बेच रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने दो दल बनाकर कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान चेतन रोतिया, मुकेश कोसले और सेवन जोशी के संयुक्त कब्जे से 336 पाव देशी प्लेन शराब (करीब 60.48 लीटर) बरामद की गई।

“जीते-जी ‘मृत’ घोषित हुआ किसान, अब हर दफ्तर में साबित कर रहा—’साहब, मैं जिंदा हूं…’”

कार्रवाई के दौरान हुआ विवाद

शिकायत में आरोप है कि इसी दौरान हेमंत मिर्धा उर्फ हेमंत बिहारी, अवधेश मिर्धा तथा उनके अन्य साथी मौके पर पहुंचे और आबकारी अधिकारियों के साथ गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और मारपीट की। आरोप है कि सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए उन्होंने पकड़े गए आरोपियों और जब्त शराब को बलपूर्वक छुड़ाकर मौके से भगा दिया।

आबकारी विभाग का यह भी आरोप है कि जिला आबकारी अधिकारी को जान से मारने की धमकी दी गई तथा शराब दुकान के मुख्य विक्रेता एस. कुमार निषाद के साथ भी मारपीट की गई।

CCTV फुटेज और मोबाइल पुलिस को सौंपे

शिकायत के अनुसार पूरी घटना शराब दुकान के सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। आबकारी विभाग ने फुटेज पेन ड्राइव में पुलिस को सौंपने के साथ ही मौके से बरामद तीन मोबाइल फोन भी जब्त कराए हैं। घटना के प्रत्यक्षदर्शी के रूप में दुकान के कर्मचारियों के नाम भी शिकायत में शामिल किए गए हैं।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला

पटेवा पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 115(2), 121(1), 132, 221, 224, 238, 296, 351(3) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

नामजद आरोपी

पुलिस ने एफआईआर में निम्नलिखित आरोपियों को नामजद किया है—

  • हेमंत मिर्धा उर्फ हेमंत बिहारी
  • अवधेश मिर्धा
  • चेतन रोतिया
  • मुकेश कोसले
  • सेवन जोशी
  • अन्य साथी

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments