रायपुर। राजधानी रायपुर के सरोना क्षेत्र में एक महिला से स्कूटी सवार बदमाश ने दिनदहाड़े पर्स झपटकर फरार होने का मामला सामने आया है। पर्स में करीब 2.60 लाख रुपये के सोने के जेवर, मोबाइल फोन और नकदी रखी हुई थी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, कवर्धा के देवांगनपारा वार्ड क्रमांक 14 निवासी गृहिणी अपनी बेटी के घर कृष्णा पैराडाइज, सरोना आई थीं। वे अपने एक वर्षीय नाती के छठी संस्कार एवं जन्मदिन समारोह में शामिल होने के बाद 2 जुलाई की सुबह पति के साथ वापस कवर्धा लौटने के लिए पैदल सरोना चौक की ओर जा रही थीं।
सुबह करीब 6 बजे राधाकृष्ण मंदिर, सरोना के पास पहुंचने पर सामने से स्कूटी पर आए एक युवक ने महिला के कंधे पर टंगे पर्स पर झपट्टा मार दिया और केपीएस स्कूल की ओर फरार हो गया। घटना इतनी तेजी से हुई कि दंपति स्कूटी का नंबर भी नहीं देख सके।
पीड़िता ने बताया कि पर्स में एक सोने का रानी हार, एक सोने की चेन, एक जोड़ी सोने के ईयररिंग, एक रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन और एक हजार रुपये नकद रखे थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 2 लाख 60 हजार रुपये बताई गई है।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी महिला के पति हैं। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात स्कूटी सवार के खिलाफ झपटमारी का मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।


Recent Comments