Homeछत्तीसगढ़दर्दनाक हादसा: मां की आंखों के सामने चली गई पति और बेटे...

दर्दनाक हादसा: मां की आंखों के सामने चली गई पति और बेटे की जान

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही (GPM) जिले के पेंड्रा नगर में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक हंसता-खेलता परिवार उजड़ गया। राय पेट्रोल पंप के पास कोयले से लदे तेज रफ्तार ट्रेलर ने ओवरटेक करने के दौरान स्कूटी सवार परिवार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में पिता और उनके 14 वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।

गांव से पेंड्रा आ रहा था परिवार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुड़कई गांव निवासी तेरस भरिया (35) अपनी पत्नी और 14 वर्षीय पुत्र राजू भरिया के साथ स्कूटी से पेंड्रा आ रहे थे। इसी दौरान राय पेट्रोल पंप के पास सामने से एक बड़ा वाहन आ रहा था। बताया जा रहा है कि उसी समय पीछे से आ रहे कोयले से भरे ट्रेलर चालक ने ओवरटेक करने का प्रयास किया। तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण ट्रेलर ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण कि स्कूटी के उड़ गए परखच्चे

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार तीनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे। मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।

डायल-112 ने पहुंचाया अस्पताल

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तेरस भरिया और उनके पुत्र राजू भरिया को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल महिला का उपचार जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

भाग रहे ट्रेलर चालक को ग्रामीणों ने पकड़ा

हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन सजग ग्रामीणों ने सरस्वती शिशु मंदिर के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलने पर पेंड्रा पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रेलर को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी।

कुछ देर प्रभावित रहा यातायात

दुर्घटना के बाद मुख्य मार्ग पर लोगों की भीड़ जुट गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और आवागमन को सुचारु कराया।

सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्ण ड्राइविंग पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने और सड़क सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने की मांग की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments