Homeछत्तीसगढ़मौत बनकर दौड़ा टैंकर: स्कूटी सवार भाई-बहन की दर्दनाक मौत, तीसरा बच्चा...

मौत बनकर दौड़ा टैंकर: स्कूटी सवार भाई-बहन की दर्दनाक मौत, तीसरा बच्चा गंभीर, हादसे के बाद NH पर चक्काजाम

कटघोरा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो मासूम बच्चों की जान चली गई। पोड़ी बस स्टैंड के पास तेज रफ्तार टैंकर ने स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे सगे भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ सवार एक अन्य नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बांगो-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम कर दिया।

सामान लेने निकले थे तीनों बच्चे

जानकारी के अनुसार, कोनकोना बस्ती के गोस्वामी पारा निवासी बूटी गोस्वामी (13 वर्ष), दशरथ गोस्वामी (12 वर्ष) और उनका रिश्तेदार विक्की स्कूटी से पोड़ी बस स्टैंड सामान लेने पहुंचे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बूटी और दशरथ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल विक्की को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

हादसे के बाद फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आक्रोशित होकर बांगो-अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। जाम के कारण यात्री बसों समेत दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

प्रशासन के आश्वासन के बाद खुला जाम

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बांगो थाना पुलिस और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें शांत कराया। तहसीलदार ने मृत बच्चों के परिजनों को तत्काल 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की, जिसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया और हाईवे पर यातायात बहाल हो सका।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

फिर उठा बड़ा सवाल

यह हादसा एक बार फिर नाबालिगों के वाहन चलाने और राष्ट्रीय राजमार्गों पर तेज रफ्तार भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। सड़क सुरक्षा नियमों के पालन और नाबालिगों को वाहन न सौंपने की आवश्यकता पर विशेषज्ञ लगातार जोर देते रहे हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments