Homeछत्तीसगढ़पिथौरा ब्रेकिंग: डेम में नहाने गए दो बच्चे डूबे, एक को बचाया...

पिथौरा ब्रेकिंग: डेम में नहाने गए दो बच्चे डूबे, एक को बचाया गया, 15 वर्षीय किशोर अब भी लापता

पिथौरा। महासमुंद जिले के पिथौरा क्षेत्र में रविवार दोपहर कौड़िया-पीलवापली डेम के एनीकट में नहाने के दौरान दो बच्चे तेज बहाव में बह गए। हादसे में एक बच्चे को ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि 15 वर्षीय रितिक ठाकुर, निवासी कौड़िया पारा, अब तक लापता है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और मौके पर बचाव दल व ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे हुए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, हादसा दोपहर करीब 12:30 से 1 बजे के बीच हुआ। बताया जा रहा है कि करीब 5 से 7 बच्चे एनीकट में नहाने के लिए पहुंचे थे। इनमें कुछ बच्चे पानी के किनारे मौजूद थे, जबकि कुछ बच्चे एनीकट के ऊपर से पानी में छलांग लगाकर नहा रहे थे। इसी दौरान बारिश के कारण एनीकट में पानी का बहाव काफी तेज था और अचानक दो बच्चे पानी की तेज धारा में बह गए।

घटना के दौरान टीनकु बारिहा को आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल रस्सी की मदद से बाहर निकाल लिया। इसके बाद उसकी जान बच गई। वहीं रितिक ठाकुर (15 वर्ष) तेज बहाव में बह गया और उसका अब तक कोई पता नहीं चल सका है।

सरपंच ने बताया कैसे हुआ हादसा

ग्राम पंचायत के सरपंच नरेंद्र नायक ने बताया कि रविवार दोपहर करीब 1 बजे 5-7 लड़के एनीकट में नहा रहे थे। कुछ बच्चे किनारे पर थे, जबकि कुछ ऊपर से छलांग लगाकर पानी में नहा रहे थे। बारिश के कारण एनीकट में पानी तेज बहाव के साथ बह रहा था। इसी दौरान दो बच्चे पानी में बह गए। इनमें से एक बच्चे को तत्काल बचा लिया गया, लेकिन दूसरे बच्चे का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

डायल 112 की टीम मौके पर, तलाश जारी

हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 पिथौरा की टीम मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों की मदद से लापता किशोर की तलाश शुरू कर दी गई है। तेज बहाव के कारण रेस्क्यू टीम को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई है। लापता रितिक ठाकुर के परिजन भी मौके पर पहुंच गए हैं। किशोर के नहीं मिलने से परिवार में चिंता और मायूसी का माहौल है। फिलहाल बचाव दल और ग्रामीणों द्वारा रितिक की तलाश जारी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments