महासमुंद/तेन्दूकोना। महासमुंद जिले के तेन्दूकोना थाना क्षेत्र में अज्ञात चोर ने एक घर को निशाना बनाते हुए करीब 5 लाख 59 हजार 500 रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय परिवार घर पर मौजूद नहीं था। पीड़ित की शिकायत पर तेन्दूकोना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 331(3) और 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिवार के साथ ओडिशा गया था परिवार
पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार ग्राम तेन्दूकोना निवासी शिवप्रताप सिंह ठाकुर (62) होटल व्यवसाय करते हैं। उन्होंने बताया कि 12 अगस्त 2026 को सुबह करीब 11:40 बजे वे अपने परिवार के साथ रतिपाली, ओडिशा गए थे। घर में उस समय कोई नहीं था। परिवार ने घर के मुख्य गेट और परछी के दरवाजे पर ताला लगाया था, जबकि अंदर के दोनों कमरों में ताला नहीं लगाया गया था।
शाम करीब 8 बजे परिवार वापस घर पहुंचा। मुख्य गेट का ताला खोलकर अंदर जाने पर परछी के दरवाजे की कुंडी टूटी हुई मिली। दरवाजे का ताला जमीन पर पड़ा था। इसके बाद परिवार को घर में चोरी होने का संदेह हुआ।

आलमारी का लॉकर तोड़कर जेवर और नकदी चोरी
शिवप्रताप सिंह के अनुसार उनके पुत्र और बहू के कमरे में रखी आलमारी का दरवाजा खुला था और सामान अस्त-व्यस्त था। आलमारी के लॉकर को तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात तथा दूसरे लॉकर में रखी नकदी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ली गई।
पीड़ित ने पुलिस को चोरी गए सामान की सूची भी दी है।
ये जेवरात और नकदी हुई चोरी
- 3 मंगलसूत्र – करीब 2,00,000 रुपए
- सोने की 2 बालियां/ईयरिंग – करीब 80,000 रुपए
- सोने की 2 अंगूठियां – करीब 80,000 रुपए
- सोने की 2 फुल्ली – करीब 15,000 रुपए
- सोने की 1 नाथ – करीब 20,000 रुपए
- सोने की 1 बिंदिया – करीब 18,000 रुपए
- चांदी की 5 पायल – करीब 75,000 रुपए
- चांदी का 1 कमरबंद – करीब 15,000 रुपए
- चांदी की 4 बिछिया का सेट – करीब 10,000 रुपए
- चांदी का 1 सिक्का – करीब 1,500 रुपए
जेवरात की कुल अनुमानित कीमत 5,14,500 रुपए बताई गई है। इसके अलावा 45,000 रुपए नकद चोरी हुए हैं। इस तरह चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत 5,59,500 रुपए बताई गई है।

अज्ञात चोर की तलाश में जुटी पुलिस
आवेदक के लिखित आवेदन के आधार पर पुलिस ने प्रथम दृष्टया चोरी का अपराध घटित होना पाए जाने पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 331(3), 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। पुलिस अब घटनास्थल का निरीक्षण, आसपास के लोगों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है। चोरी की वारदात दिन में परिवार की गैरमौजूदगी के दौरान होने से पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि आरोपी को घर खाली होने की जानकारी कैसे मिली।


Recent Comments