Homeछत्तीसगढ़महासमुंद शहर के खरोरा में दर्दनाक हादसा, ओवरटेक करते क्रेटा से भिड़ी...

महासमुंद शहर के खरोरा में दर्दनाक हादसा, ओवरटेक करते क्रेटा से भिड़ी बाइक; 18 वर्षीय युवक की मौत

महासमुंद। खरोरा के पास सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 18 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक सवार युवक सामने चल रहे मेटाडोर को ओवरटेक करने के दौरान सामने से आ रही क्रेटा कार से जा टकराया। हादसा इतना भीषण था कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसका अगला पहिया टूटकर कार के हिस्से में फंस गया।

मृतक की पहचान पिथौरा थाना क्षेत्र के ग्राम अरंड निवासी पुलिस कांस्टेबल मोतीलाल नेताम के बेटे कुनाल नेताम के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार सोमवार शाम करीब 4 बजे कुनाल नेताम बाइक क्रमांक सीजी 06 एचएच 0335 से घोड़ारी की ओर से महासमुंद की तरफ आ रहा था। इसी दौरान ग्राम पंचायत खरोरा स्थित संस्कृति मैरिज पैलेस के पास नेशनल हाईवे पर सामने चल रहे मेटाडोर को ओवरटेक करने की कोशिश में वह सामने से रायपुर की ओर जा रही क्रेटा कार क्रमांक सीजी 07 सीजेड 8444 से जा भिड़ा।

महासमुंद शहर के खरोरा में दर्दनाक हादसा, ओवरटेक करते क्रेटा से भिड़ी बाइक; 18 वर्षीय युवक की मौत
महासमुंद शहर के खरोरा में दर्दनाक हादसा, ओवरटेक करते क्रेटा से भिड़ी बाइक; 18 वर्षीय युवक की मौत

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ओवरटेक के दौरान मेटाडोर के कारण कुनाल को सामने से आ रही कार दिखाई नहीं दी। बाइक सीधे कार के ड्राइवर साइड से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुनाल ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद बाइक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बाइक के सामने के पहिए की रिंग टूटकर कार के अगले हिस्से में फंस गई और करीब 20 मीटर तक घिसटती चली गई। फॉरेंसिक टीम के प्रारंभिक आकलन के अनुसार बाइक की रफ्तार करीब 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा रही होगी।

क्रेटा कार में भिलाई के रामनगर मुक्तिधाम निवासी चालक राहुल चौधरी, पिता पुनीत राम चौधरी तथा पुनीत राम चौधरी, पिता क्षमता निधि चौधरी सवार थे। हादसे में कार सवार लोगों को चोट नहीं आई।

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को एंबुलेंस से मर्चुरी भेज दिया। शाम हो जाने के कारण सोमवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सका। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments