महासमुंद/कोमाखान। ऑपरेशन निश्चय के तहत कोमाखान पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए काली मंदिर के पास NH-353 में बस का इंतजार कर रहे एक युवक को 5.258 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 2 लाख 62 हजार 900 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 6 अक्टूबर को कोमाखान पुलिस टीम ग्राम करहीडीह, साल्हेभांठा और डोंगाखमरिया की ओर पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान साल्हेभांठा बाजार चौक के पास मुखबिर से सूचना मिली कि काली मंदिर के पास NH-353 पर एक व्यक्ति लाल-काले रंग के पिट्ठू बैग में गांजा लेकर बस का इंतजार कर रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सोम कालखोर (29), पिता महेश कालखोर, निवासी भरतवाड़ा रोड, मंगलमूर्ति सोसायटी, न्यू ओमनगर पारडी, थाना भांडेवाड़ी, जिला नागपुर (महाराष्ट्र) बताया।
पुलिस ने उसके पास मौजूद लाल-काले रंग के पिट्ठू बैग की तलाशी ली। बैग के अंदर खाकी रंग के प्लास्टिक टेप से पैक किया हुआ एक पैकेट मिला। जांच और तौल के बाद उसमें 5.258 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत 2,62,900 रुपये आंकी गई, बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह गांजा मुनीगुड़ा, ओडिशा से नागपुर, महाराष्ट्र ले जाकर चिल्लर बिक्री करने वाला था। पुलिस ने गांजा और अन्य संबंधित सामग्री जब्त कर आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
मामले में कोमाखान थाने में अपराध क्रमांक 175/2026, धारा 20(B)(II)(B) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। FIR के अनुसार घटना 6 अक्टूबर 2026 को दोपहर 1:09 बजे की है और FIR उसी दिन दोपहर 2:50 बजे दर्ज की गई।
जब्त गांजा: 5.258 किलो
अनुमानित कीमत: 2,62,900 रुपये
गिरफ्तार आरोपी: सोम कालखोर, 29 वर्ष, नागपुर महाराष्ट्र
घटनास्थल: काली मंदिर के पास, NH-353
थाना: कोमाखान, जिला महासमुंद


Recent Comments