महासमुंद/तुमगांव। सिरपुर में पुरानी कहासुनी के बाद एक युवक पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घटना 6 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे ग्राम सिरपुर में लक्ष्मण मंदिर हॉस्टल के पास हुई। प्रकरण में शिकायतकर्ता परमानंद साहू, निवासी अंबेडकर चौक सिरपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। वह जेपी केयर अस्पताल सिरपुर का संचालक बताया गया है।
राकेश को रोकने के बाद शुरू हुआ विवाद
FIR में परमानंद साहू ने बताया कि अस्पताल में काम करने वाला राकेश साहू रात में खाना खाने के बाद वापस अस्पताल लौट रहा था। इसी दौरान अंबेडकर चौक के पास हरि ध्रुव ने उसे रोककर साथ ले जाने की बात कही। मोटरसाइकिल पर नहीं बैठाने को लेकर दोनों के बीच गाली-गलौज हो गई। राकेश ने फोन कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परमानंद और टिकेश्वर साहू मौके पर पहुंचे और दोनों को समझाकर वापस अस्पताल आ गए।
कुछ देर बाद राजेश ठाकुर अस्पताल पहुंचा और हरि ध्रुव से विवाद को लेकर माफी मांगने की बात कहने लगा। इसके बाद परमानंद, राकेश और टिकेश्वर के साथ राजेश ठाकुर के कहने पर लक्ष्मण मंदिर हॉस्टल के पास पहुंचे।
चाकू से गले पर तीन वार करने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, वहां हरि ध्रुव और सुरेश मिरी पहले से मौजूद थे। आरोप है कि उन्हें देखते ही हरि ध्रुव ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उसने हाथ में रखे धारदार चाकू से परमानंद साहू पर हमला किया।
FIR में आरोप लगाया गया है कि चाकू से गले पर तीन वार और ठुड्डी पर एक वार किया गया, जिससे खून निकलने लगा। परमानंद के अनुसार, वह किसी तरह वहां से भागा, लेकिन हरि ध्रुव, राजेश ठाकुर और सुरेश मिरी ने उसका पीछा किया और धमकाया।
इसके बाद राकेश साहू और टिकेश्वर साहू मौके पर पहुंचे और परमानंद को आरोपियों से बचाकर मोटरसाइकिल से सिरपुर चौकी ले गए।
तीन आरोपियों पर गंभीर धाराओं में मामला
तुमगांव पुलिस ने मामले में हरि ध्रुव, राजेश ठाकुर और सुरेश मिरी के खिलाफ FIR क्रमांक 0228/2026 दर्ज की है। FIR में BNS की धारा 109(1), 115(2), 296, 3(5) और 351(3) लगाई गई हैं। मामला 7 अक्टूबर 2026 की रात 1:06 बजे दर्ज किया गया।
पुलिस ने मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक टीकाराम सारथी को सौंपी है। FIR में चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस घटना के कारणों और आरोपों की जांच कर रही है।


Recent Comments