Homeछत्तीसगढ़महासमुंद: अंसुला नदी किनारे खुड़खुड़िया जुआ पर पुलिस की रेड, तीन गिरफ्तार;...

महासमुंद: अंसुला नदी किनारे खुड़खुड़िया जुआ पर पुलिस की रेड, तीन गिरफ्तार; ₹1.35 लाख का सामान जब्त

सांकरा पुलिस की कार्रवाई, मौके से ₹5,100 नकद, दो मोबाइल और छह मोटरसाइकिल बरामद

महासमुंद/सांकरा। महासमुंद जिले के सांकरा थाना क्षेत्र के ग्राम अंसुला में नदी किनारे खुड़खुड़िया नामक जुआ खेलाने की सूचना पर पुलिस ने छापेमार कार्रवाई की। इस दौरान जुआ खेलाने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से जुआ खेलने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, ₹5,100 नकद, दो एंड्रॉयड मोबाइल और छह मोटरसाइकिल जब्त की हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत ₹1,35,100 बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अंसुला नदी किनारे कुछ लोग खुड़खुड़िया नामक जुआ खेला रहे हैं। सूचना के आधार पर प्रशिक्षु उपनिरीक्षक विष्णुदेव डनसेना ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और रेड कार्रवाई की। पुलिस को देखकर जुआ खेलने वाले कुछ लोग मौके से भाग निकले, जबकि जुआ खेलाने के आरोप में तीन लोगों को पकड़ लिया गया।

ये तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार बताई है:

  1. चिंतामणी साहू (35 वर्ष), निवासी गबौद, थाना सांकरा।
  2. खेमराज डडसेना (26 वर्ष), निवासी बल्दीडीह, थाना सांकरा।
  3. मयंक साहू (38 वर्ष), निवासी अंसुला, थाना सांकरा।

नकदी, मोबाइल और छह मोटरसाइकिल जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पर्दा, जिस पर चिड़ी, पान, हुकुम, ईंट और झंडा-मुंडा के चिह्न थे, छह गोटियां, बांस की एक टोकरी, एक चटाई और ₹5,100 नकद जब्त किए। इसके अलावा दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा घटनास्थल पर मिली छह मोटरसाइकिल भी जब्त की गईं।

जब्त मोटरसाइकिलों में लाल रंग की एचएफ डीलक्स क्रमांक CG 06 GY 3506, काले रंग की एचएफ डीलक्स CG 06 G 8374, बिना नंबर की एचएफ डीलक्स, स्प्लेंडर CG 06 GZ 9550, एचएफ डीलक्स CG 06 HA 0958 और प्लेटिना CG 04 CZ 9902 शामिल हैं।

जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 6(क) के तहत कार्रवाई की गई है। तीनों आरोपियों को 8 अक्टूबर को शाम 7 बजे, 7:05 बजे और 7:10 बजे गिरफ्तार किया गया। मौके पर देहाती नालसी कायम कर आगे की विवेचना शुरू की गई।

कार्रवाई में प्रशिक्षु उपनिरीक्षक विष्णुदेव डनसेना के साथ पुलिस स्टाफ शामिल रहा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments