महासमुंद। जिले के कोमाखान थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भटगांव में गोवर्धन पूजा के दिन 10 नवंबर 2026 की शाम जुआ पकड़ने पहुंची पुलिस और ग्रामीणों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ ग्रामीण पुलिसकर्मियों के साथ झूमाझटकी और धक्का-मुक्की करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में पुलिस के डंडे को पकड़कर धक्का देते हुए भी देखा जा सकता है।
बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम पुलिस को गांव में जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिसकर्मी पहले बाइक से भटगांव पहुंचे। ग्रामीणों के अनुसार, पुलिस ने जुआ खेल रहे कुछ लोगों को पकड़ लिया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते झूमाझटकी में बदल गई।
वायरल वीडियो में पुलिस से धक्का-मुक्की, वाहन का कांच टूटने की आवाज
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में पुलिसकर्मियों और कुछ ग्रामीणों के बीच धक्का-मुक्की होती दिखाई दे रही है। कुछ लोग पुलिसकर्मी का कॉलर पकड़ते और डंडा पकड़कर धक्का देते नजर आ रहे हैं। इसी दौरान वीडियो में वाहन का कांच टूटने जैसी आवाज भी सुनाई देती है। घटनास्थल पर डायल 112 की टीम भी पहुंचती दिखाई दे रही है।
यहां देखें भटगांव की घटना का वायरल वीडियो:
टीआई सोरी बोले- जुआ रेड की सूचना पर पहुंची थी पुलिस
मामले में कोमाखान थाना प्रभारी टीआई सोरी ने बताया कि मंगलवार शाम भटगांव में जुआ रेड की सूचना मिलने पर पुलिस टीम पहुंची थी। हालांकि, उन्होंने झूमाझटकी और पुलिस वाहन में तोड़फोड़ की जानकारी होने से इनकार किया है।
फिलहाल वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे घटनाक्रम और वाहन को नुकसान पहुंचने की बात की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। घटना को लेकर पुलिस की विस्तृत कार्रवाई और जांच की जानकारी सामने आने का इंतजार है।
WebMorcha | कल की बात आज


Recent Comments