महासमुंद/बागबाहरा, 7 जून। कोमाखान थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी टुहलू में सागौन वृक्ष चोरी के मामले में ग्राम कछारडीह के सरपंच एवं कथित बागबाहरा ब्लॉक सरपंच संघ अध्यक्ष एवन साहू समेत अन्य के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। प्रकरण दर्ज होने के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार ग्राम खैरटकला निवासी किसान राधेश्याम चंद्राकर ने आरोप लगाया है कि ग्राम कछारडीह स्थित उनकी भूमि खसरा नंबर 274/2 की मेड़ पर लगे एक बड़े सागौन वृक्ष को 4 जून की रात काटकर चोरी कर लिया गया। चोरी गए वृक्ष की अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है।
एफआईआर के आधार पर कोमाखान थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) एवं 3(5) के तहत अपराध क्रमांक 85/2026 दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता राधेश्याम चंद्राकर ने बताया कि उन्होंने करीब तीन वर्ष पूर्व एवन साहू से उक्त जमीन खरीदी थी। उनका आरोप है कि एवन साहू ने अपने साथियों के साथ मिलकर सागौन वृक्ष को कटवाया और बाद में लकड़ी को चोरी-छिपे पास की एक बाड़ी में छिपाकर रखा था। शिकायतकर्ता का दावा है कि इसकी जानकारी मिलने पर उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की।
इधर, वन परिक्षेत्र अधिकारी बागबाहरा नवीन वर्मा ने बताया कि मामले में पुलिस विभाग द्वारा एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बरामद लकड़ी को वन विभाग के सुपुर्द कर दिया है। उन्होंने कहा कि वन विभाग की ओर से अभी पीओआर (प्रॉसिक्यूशन ऑफेंस रिपोर्ट) दर्ज नहीं की गई है और मामले की जांच जारी है।
ग्रामीणों के अनुसार एवन साहू पूर्व में भी लकड़ी तस्करी, दबंगई और अन्य विवादों को लेकर चर्चाओं में रहा है। कुछ ग्रामीणों का यह भी दावा है कि वह पूर्व में जेल जा चुका है। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है और न ही इस संबंध में कोई आधिकारिक रिकॉर्ड उपलब्ध कराया गया है।
मामले को लेकर ग्रामीणों के बीच भी चर्चा का माहौल है। हालांकि पुलिस और वन विभाग दोनों स्तर पर जांच जारी है तथा आरोपों की पुष्टि विवेचना और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।


Recent Comments