Homeदेश - विदेशमहासमुंद में डेढ़ करोड़ से ज्यादा के एलपीजी घोटाले में बड़ा खुलासा,...

महासमुंद में डेढ़ करोड़ से ज्यादा के एलपीजी घोटाले में बड़ा खुलासा, भाजपा नेता के दामाद समेत 4 हिरासत में

महासमुंद। पंकज चंद्राकर समेत चार लोगों को पुलिस ने करीब 1.5 करोड़ रुपए से अधिक के एलपीजी घोटाले में हिरासत में लिया है। मामले में प्लांट मैनेजर, खाद्य अधिकारी और सहायक खाद्य अधिकारी की भूमिका भी सामने आई है। पंकज चंद्राकर भाजपा नेता और पूर्व राज्यमंत्री पूनम चंद्राकर के दामाद बताए जा रहे हैं।

पुलिस जांच के मुताबिक, मार्च के अंतिम सप्ताह से 6 अप्रैल 2026 के बीच सुनियोजित तरीके से एलपीजी की कालाबाजारी को अंजाम दिया गया। आरोप है कि खाद्य अधिकारी अजय यादव, सहायक खाद्य अधिकारी मनीष यादव, गौरव गैस एजेंसी संचालक पंकज चंद्राकर और प्लांट मैनेजर निखिल वैष्णव ने मिलकर 6 गैस कैप्सूल अभनपुर स्थित ठाकुर पेट्रोकेमिकल को सौंपे थे। वहां कैप्सूल से गैस निकालकर अलग-अलग टैंकरों के जरिए बाजार में खपाई गई।

GPS ट्रैकिंग से खुला पूरा खेल

जांच में कैप्सूल वाहनों में लगे जीपीएस सिस्टम ने अहम सुराग दिए। पुलिस के अनुसार 31 मार्च को दो कैप्सूल, 1 अप्रैल को एक, 3 अप्रैल को एक और 5 अप्रैल को दो कैप्सूल से गैस निकाली गई। कुल 6 कैप्सूल से करीब 90 मीट्रिक टन एलपीजी अवैध रूप से खाली की गई।

रिकॉर्ड में सामने आई भारी गड़बड़ी

जांच के दौरान जब्त दस्तावेजों में भी गंभीर अनियमितताएं मिलीं। रिकॉर्ड के मुताबिक अप्रैल में केवल 47 टन गैस खरीदी गई थी और शुरुआती स्टॉक शून्य था। इसके बावजूद 107 टन से ज्यादा गैस की बिक्री दर्ज की गई। खरीद और बिक्री के आंकड़ों में भारी अंतर मिलने से कालाबाजारी और चोरी की पुष्टि हुई।

कर्मचारियों ने खोले राज

पूछताछ में प्लांट कर्मचारियों ने स्वीकार किया कि वे उच्च अधिकारियों के निर्देश पर काम कर रहे थे। गैस को पहले प्लांट के बुलेट टैंक में खाली किया जाता था, फिर निजी टैंकरों के जरिए अलग-अलग इलाकों में भेजा जाता था। जांच में रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में 4 से 6 टन गैस कच्चे चालान के जरिए सप्लाई किए जाने की बात भी सामने आई है।

दो आरोपी अब भी फरार

पुलिस ने अब तक निखिल वैष्णव, अजय यादव, मनीष यादव और पंकज चंद्राकर को हिरासत में लिया है। वहीं संतोष ठाकुर और सार्थक ठाकुर फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments