महासमुंद जिले में लंबे समय से सक्रिय ‘छड़-सिमेंट गैंग’ का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी घर निर्माण करवा रहे लोगों को सस्ते में छड़ और सीमेंट दिलाने का झांसा देकर घर में घुसता था और मौका मिलते ही सोने-चांदी के जेवर चोरी कर फरार हो जाता था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंचराम उर्फ पंचु निषाद निवासी चंदली, जिला सक्ती के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ पहले से विभिन्न जिलों के थानों में चोरी के 13 मामले दर्ज हैं।
ऐसे बनाता था लोगों को निशाना
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी घर के बाहर रखी ईंट, गिट्टी और निर्माण सामग्री देखकर समझ जाता था कि मकान बन रहा है। इसके बाद वह ऐसे घरों को निशाना बनाता था जहां छोटे बच्चे या बुजुर्ग मौजूद हों। सूने मकानों में वह कभी चोरी नहीं करता था।
आरोपी कम कीमत में छड़ और सीमेंट दिलाने की बात कहकर घर में घुसता और अलमारी की चाबी ढूंढकर जेवर चोरी कर लेता था।
CCTV और तकनीकी जांच से पकड़ाया
महासमुंद जिले में लगातार एक जैसे तरीके से चोरी की घटनाएं सामने आने के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित की थी। CCTV फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली।
वाहन चेकिंग के दौरान आरोपी को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने कोमाखान, सांकरा, तेंदूकोना, सरायपाली, पिथौरा और बुंदेली क्षेत्रों में चोरी करना कबूल किया।
यहां पढ़ें: देवभोग नगर पंचायत मारपीट मामला: CCTV वीडियो से बढ़ा बवाल, बागबाहरा के कर्मचारी से कथित पिटाई पर गरमाई राजनीति
32 लाख से ज्यादा की संपत्ति बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर विभिन्न ज्वेलरी दुकानों से चोरी के जेवर बरामद किए हैं।
बरामद सामग्री में शामिल हैं:
- 163.310 ग्राम सोने के आभूषण
- 2 किलो 585.94 ग्राम चांदी के आभूषण
- एक मोटरसाइकिल
- एक मोबाइल फोन
बरामद संपत्ति की कुल कीमत करीब ₹32.38 लाख बताई गई है।
जेल से भी हो चुका था फरार
पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले जांजगीर-चांपा जिले के चोरी के मामलों में जेल भेजा गया था। इलाज के बहाने जिला अस्पताल से फरार होने के बाद वह पंजाब भाग गया था। बाद में वापस लौटकर महासमुंद जिले में फिर चोरी की वारदातों को अंजाम देने लगा।



Recent Comments