किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए जिलेभर में जारी है औचक निरीक्षण अभियान
महासमुंद, 28 जून 2026। खरीफ सीजन में किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने और समय पर वितरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा जिलेभर में उर्वरक विक्रय केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को बागबाहरा विकासखंड के कोमाखान अंतर्गत ग्राम घोयनाबाहरा स्थित वैष्णवी एग्रो इंडस्ट्रीज में कृषि विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की।
कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश एवं कृषि उपसंचालक एफ.आर. कश्यप के मार्गदर्शन में कृषि विभाग की एसडीओ गणेश्वरी बंजारे तथा उर्वरक निरीक्षक जितेंद्र चंद्राकर ने प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। जांच के दौरान दुकान में उड़ीसा प्रिंट वाली पीआरओएम उर्वरक की 11 बोरियां (करीब 550 किलोग्राम) पाई गईं, जिन्हें विभाग ने तत्काल जब्त कर लिया।
जांच में पाया गया कि जब्त उर्वरक की बोरियों पर सालेपाली, पाइकमाल, जिला बरगढ़ (उड़ीसा) अंकित था। विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि यह उर्वरक जिले में किस माध्यम से पहुंचा और इसकी बिक्री किस उद्देश्य से की जा रही थी।
कृषि उपसंचालक एफ.आर. कश्यप ने बताया कि किसानों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए जिलेभर में उर्वरक विक्रय केंद्रों की नियमित निगरानी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उर्वरक विक्रय में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध उर्वरक नियंत्रण आदेश एवं प्रचलित नियमों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि खरीफ सीजन के दौरान किसानों के हितों की सुरक्षा के लिए इस प्रकार के औचक निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि किसी भी किसान को निम्न गुणवत्ता या अनधिकृत उर्वरक का नुकसान न उठाना पड़े।


Recent Comments