शक्कर वितरण को लेकर विवाद, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ दर्ज कराई एफआईआर
बसना/भंवरपुर। थाना बसना अंतर्गत चौकी भंवरपुर क्षेत्र के ग्राम भंवरचुवां में उचित मूल्य दुकान पर शक्कर वितरण को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट और गाली-गलौज तक पहुंच गया। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने अलग-अलग अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पहले मामले में पिलादाउ यादव (65 वर्ष) निवासी भंवरचुवां ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 26 जून की शाम वह अपने पुत्र हेमंत यादव के साथ शक्कर लेने उचित मूल्य दुकान गए थे। दुकान में भीड़ होने पर उन्होंने सेल्समैन खमेश पटेल से हर माह 25 तारीख से शक्कर वितरण शुरू करने के कारण भीड़ होने की बात कही। आरोप है कि इसके बाद रात करीब 7:45 बजे उनके घर के सामने सुशील पटेल, राजेश पटेल, टिकेश पटेल, खमेश पटेल और प्रदीप पटेल ने एक राय होकर गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी तथा बांस के डंडे एवं हाथ-मुक्कों से मारपीट की। घटना में पिलादाउ यादव के सिर में चोट आई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे उनके भाई आरती राम यादव और पुत्र हेमंत यादव को भी चोटें आईं। इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 351(2) एवं 190 के तहत अपराध दर्ज किया है।
वहीं दूसरे मामले में राजेश पटेल (28 वर्ष), सरपंच ग्राम पंचायत भंवरचुवां ने शिकायत दर्ज कराई है कि 26 जून को उचित मूल्य दुकान में शक्कर वितरण के दौरान पिलादाउ यादव और हेमंत यादव ने लाइन में खड़े होने से इनकार करते हुए उनके भाई एवं सेल्समैन खमेश पटेल के साथ गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बाद में दोनों आरोपित सुशील पटेल के घर के पास पहुंचकर भी गाली-गलौज और धमकी देते रहे। इस शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 296, 351(2) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने दोनों मामलों में अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। विवेचना के दौरान गवाहों के बयान, चिकित्सीय परीक्षण रिपोर्ट तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Recent Comments