Homeदेश - विदेशNEET पेपर लीक में बड़ा खुलासा: टीचर, मेडिकल स्टूडेंट और कोचिंग संचालक...

NEET पेपर लीक में बड़ा खुलासा: टीचर, मेडिकल स्टूडेंट और कोचिंग संचालक गिरफ्तार

NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नए और चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। सीबीआई की जांच में अब तक प्रोफेसर, मेडिकल स्टूडेंट, ब्यूटीशियन, कोचिंग संचालक और कथित बिचौलियों का एक बड़ा नेटवर्क सामने आया है, जिसके तार महाराष्ट्र, हरियाणा और राजस्थान तक जुड़े बताए जा रहे हैं।

जांच एजेंसियों के मुताबिक परीक्षा से कई दिन पहले ही चुनिंदा छात्रों तक प्रश्नपत्र पहुंचा दिया गया था और इसके बदले लाखों रुपये की डील हुई। अब तक इस मामले में 10 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि कई अन्य संदिग्ध जांच के दायरे में हैं।

कोचिंग, टीचर और दलालों का नेटवर्क

सीबीआई का दावा है कि इस पूरे रैकेट में टीचर, कोचिंग सेंटर संचालक, मेडिकल छात्र और बिचौलिये शामिल थे। जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ आरोपियों को एनटीए की परीक्षा प्रक्रिया से जुड़ी गोपनीय जानकारी तक पहुंच थी, जिसका फायदा उठाकर पेपर बाहर निकाला गया।

रिटायर्ड लेक्चरर को माना जा रहा मास्टरमाइंड

महाराष्ट्र के लातूर निवासी रिटायर्ड केमिस्ट्री लेक्चरर पीवी कुलकर्णी को जांच एजेंसियां इस नेटवर्क का बड़ा मास्टरमाइंड मान रही हैं। आरोप है कि वह विशेष कोचिंग सेशन के दौरान छात्रों को संभावित सवाल और जवाब बताते थे, जिन्हें छात्र नोटबुक में लिखते थे। बाद में जांच में यही सवाल असली पेपर से मेल खाते पाए गए।

महंगाई की नई मार: Petrol Diesel फिर महंगा, पांच दिनों में दूसरी बार बढ़े दाम

एनटीए पैनल की टीचर भी गिरफ्तार

पुणे की सीनियर बॉटनी टीचर मनीषा गुरुनाथ मंडहरे को भी सीबीआई ने गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि वह एनटीए के प्रश्नपत्र तैयार करने वाले पैनल का हिस्सा थीं और उन्हें बॉटनी व जूलॉजी सेक्शन तक पहुंच थी। आरोप है कि उन्होंने छात्रों को कई सवाल पहले ही बता दिए थे। गिरफ्तारी के बाद कॉलेज प्रशासन ने उन्हें निलंबित कर दिया है।

ब्यूटीशियन और मेडिकल छात्र की भूमिका

जांच में पुणे की ब्यूटीशियन मनीषा वाघमारे का नाम भी सामने आया है। आरोप है कि वह छात्रों और टीचर्स के बीच कड़ी का काम करती थी और मोटी रकम लेकर पेपर दिलाने का सौदा कराती थी। वहीं नासिक के बीएएमएस छात्र शुभम खैरनार पर आरोप है कि उसने पेपर खरीदकर आगे हरियाणा तक पहुंचाया।

राजस्थान तक फैले तार

जांच में राजस्थान का एंगल भी सामने आया है, जहां भाजपा कार्यकर्ता दिनेश बिवाल के परिवार के कई सदस्य जांच के घेरे में हैं। सीबीआई ने दिनेश बिवाल, उसके भाई मांगीलाल बिवाल और बेटे विकास बिवाल को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियों का दावा है कि टेलीग्राम के जरिए पेपर भेजा गया और परिवार के बच्चों को परीक्षा से पहले उपलब्ध कराया गया।

बड़े कोचिंग संचालक की गिरफ्तारी

महाराष्ट्र के लातूर स्थित रेनुकाई करियर सेंटर (RCC) के संचालक शिवराज मोटेगांवकर को भी गिरफ्तार किया गया है। सीबीआई के अनुसार उनके मोबाइल से NEET पेपर बरामद हुआ और उन्हें परीक्षा से करीब 10 दिन पहले ही प्रश्नपत्र मिल गया था। अदालत ने उन्हें 9 दिन की सीबीआई हिरासत में भेजा है।

21 जून को होगी दोबारा परीक्षा

पेपर लीक विवाद के बाद एनटीए ने 3 मई को आयोजित NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द कर दी है। अब दोबारा परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी। जांच एजेंसियां अभी भी इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments