ढाबे में घुसकर लाठी-डंडे और टाइल्स से पीटा, छह नामजद समेत अन्य आरोपियों पर केस दर्ज
महासमुंद जिले के पटेवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम टुरीडीह स्थित पाण्डेय ढाबा में घुसकर ढाबा संचालक और उसके बेटों के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने छह नामजद समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, गाली-गलौज और बलवा सहित विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया है।
प्रार्थी राजकुमार पाण्डेय ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 20 मई की दोपहर करीब 3 बजे शेखर जोगी ढाबे में आया और गाड़ी धोने के लिए सर्विसिंग पाइप ले जाने लगा। इस दौरान प्रार्थी के बेटे नितेश पाण्डेय ने उसे रोक दिया, जिससे दोनों के बीच विवाद हो गया। कुछ देर बाद शेखर जोगी अपने पिता घनश्याम जोगी, भाई धनेश्वर जोगी, देवा जोगी, सुरज जोगी, भूरवा जोगी और अन्य लोगों के साथ ढाबे पहुंचा।
आरोप है कि सभी आरोपी लाठी-डंडा और टाइल्स के टुकड़े लेकर ढाबे में घुस गए और राजकुमार पाण्डेय तथा उनके बेटों सोनू और नितेश पर हमला कर दिया। हमले में तीनों को सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं तथा काफी खून बहा। पीड़ितों का आरोप है कि बीच-बचाव नहीं होता तो आरोपी उन्हें जान से मार देते।
पटेवा पुलिस ने मामले में घनश्याम जोगी, शेखर जोगी, देवा जोगी, धनेश्वर जोगी, सुरज जोगी, भूरवा जोगी और अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 115(2), 191(2), 296, 331(5) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।



Recent Comments