महासमुंद। जिले के बरोंड़ा बाजार स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से सोमवार तड़के सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक सामने आई है। यहां से 8 नाबालिग खिड़की की ग्रिल तोड़कर फरार हो गए। घटना रात करीब 2 से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है। सभी नाबालिग परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए भाग निकले, जिसके बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फरार हुए सभी नाबालिग पिछले चार से पांच महीनों के दौरान विभिन्न आपराधिक मामलों में बाल संप्रेक्षण गृह में निरुद्ध किए गए थे। इनमें एक नाबालिग दुष्कर्म के मामले में, दो चोरी के मामलों में, जबकि अन्य एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न आपराधिक प्रकरणों में यहां रखे गए थे। इनका संबंध महासमुंद, सरायपाली, धमतरी तथा ओडिशा के विभिन्न थाना क्षेत्रों से बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने संप्रेक्षण गृह का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की जांच शुरू कर दी है। वहीं फरार नाबालिगों की तलाश के लिए जिले सहित आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि करीब दो वर्ष पहले भी इसी बाल संप्रेक्षण गृह से नाबालिगों के फरार होने की घटना सामने आई थी। दोबारा हुई इस घटना ने संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच के साथ-साथ फरार नाबालिगों की तलाश में जुटी हुई है।


Recent Comments