महासमुंद/कोमाखान। कोमाखान थाना क्षेत्र के ग्राम पटपरपाली के पास शुक्रवार सुबह गांजा तस्करी के संदेह में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस की कार्रवाई के दौरान कुछ देर तक आरोपियों और पुलिस के बीच भागम-भाग की स्थिति बनी रही।
बताया जा रहा है कि दो युवक स्कूटी में प्लास्टिक की बोरी में गांजा लेकर जा रहे थे। पुलिस को इसकी भनक लगने के बाद टेमरी नाका के पास उन्हें रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही दोनों युवक स्कूटी लेकर वहां से भागने लगे। इसके बाद पुलिस टीम ने उनका पीछा शुरू किया।
पीछा करते हुए पुलिस ग्राम पटपरपाली स्थित स्कूल के पास पहुंची। यहां पुलिस ने एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दूसरा आरोपी स्कूल की बाउंड्री फांदकर भागने में सफल रहा। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
प्लास्टिक बोरी में रखा था गांजा
पुलिस कार्रवाई के दौरान स्कूटी में प्लास्टिक की बोरी में गांजा बरामद होने की बात सामने आई है। प्रारंभिक तौर पर गांजे की मात्रा करीब 10 से 15 किलो के आसपास होने का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि वास्तविक मात्रा का खुलासा पुलिस द्वारा गांजे की विधिवत तौल और जांच के बाद ही हो सकेगा।

गांव में मची अफरा-तफरी
घटना सुबह के समय गांव के पास होने के कारण कुछ ही देर में इसकी जानकारी ग्रामीणों को हो गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस और आरोपियों के बीच हुई भागदौड़ से कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
पुलिस ने पकड़े गए युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। गांजा कहां से लाया जा रहा था, इसे कहां पहुंचाया जाना था और इस तस्करी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
फिलहाल गांजे की सही मात्रा और मामले से जुड़ी अन्य जानकारी पुलिस की तौल एवं जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। वहीं फरार आरोपी की तलाश जारी है।

Recent Comments